उप्र निकाय चुनाव में जीत के लिए भाजपा करेगी घर-घर सम्पर्क और संवाद, जानिए क्या बना प्लान

-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन ने पार्टी नेताओं संग की वर्चुअल बैठक

लखनऊ, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हो रहे नगरीय निकाय के चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्षों व निकाय चुनाव से जुडे़ पार्टी नेताओं के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की।

भाजपा ने तय किया है कि पार्टी कार्यकर्ता निकाय चुनाव में जीत के लिए घर-घर सम्पर्क व संवाद करेंगे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय राय ने किया।

बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि शहरी निकाय के चुनाव में प्रथम चरण के लिए नामांकन का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने लोककल्याण के संकल्प के साथ जनहित में अनगिनत कार्य किये हैं।

उन्होंने कहा कि आम जन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास की प्रत्येक योजना व कार्य का लाभ जन-जन तक पहुंचाने की पहल भाजपा सरकार में योजनपूर्वक हुई है। उन्होंने कहा लोकसभा और विधानसभा के चुनाव की तरह ही पार्टी कार्यकर्ता नगरीय निकाय के चुनाव में भी पूरी ताकत से जुटे । उन्होंने कहा मोदी-योगी सरकार में हो रहे जनकल्याणकारी कार्यों और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हम नगरीय निकाय के चुनाव में भी ऐतिहासिक सफलता हासिल करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि वे नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी संगठन की योजनानुसार कार्य करते हुए प्रत्येक निकाय और वार्ड में पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य करें।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने नगरीय निकाय चुनावों को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर सम्पर्क अभियान शुरू करें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सम्पर्क व संवाद के माध्यम से जन जन तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा बनाई गई योजना पर कार्य करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने निकाय में पार्टी के जीत सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।

खबरें और भी हैं...