
-महंगाई, रेलवे सुरक्षा पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने की प्रधानमंत्री की मौजूदगी में मणिपुर पर चर्चा की मांग
नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस की संसदीय रणनीतिक समूह ने शनिवार को संसद के आगामी मानसून सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की। बता दें कि कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने यह बैठक बुलाई थी। इसी बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बैठक में हुई चर्चा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमारी संसदीय रणनीतिक समूह की दूसरी बैठक हुई। इस बैठक में हमने मानसून सत्र को लेकर लंबी चर्चा की। संसद में जो मुद्दे हमें उठाने हैं उसको लेकर हमने चर्चा की। रमेश ने कहा कि संसद में कांग्रेस महंगाई, रेलवे सुरक्षा आदि मसलों पर सरकार को घेरेगी। वहीं कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी में मणिपुर हिंसा पर चर्चा कराई जाए।
जयराम रमेश ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में चार-पांच मुद्दों पर हम चर्चा की मांग करेंगे। इनमें मणिपुर, रेल सुरक्षा, संघील ढांचे पर आक्रमण, जीएसटी को धनशोधन के तहत लाना, महंगाई इत्यादि मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मणिपुर मामले पर चर्चा को लेकर कांग्रेस पार्टी अडिग है, हम पीछे नहीं हटने वाले हैं और शुरुआत में ही इस पर चर्चा की मांग करेंगे। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में ही चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मणिपुर के मौजूदा हालातों और चुनौतियों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार क्या करने वाली है। इसके बारे में प्रधानमंत्री सांसदों को अवगत कराएं और इस पर बयान दें। यह हमारी पहली मांग है। इसके बाद रेल सुरक्षा हमारा दूसरा प्रमुख मुद्दा है। इसी बीच जयराम रमेश ने कहा कि प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से मोदी सरकार या मोदी सरकार के नियुक्त किए गए व्यक्तियों के द्वारा जो संघीय ढांचे, चुने हुए सरकारों पर आक्रमण हो रहा है हम उसके खिलाफ रहे हैं और आगे भी रहेंगे।















