
दो घंटे सिंधिया स्कूल में रहेंगे नरेन्द्र मोदी
ग्वालियर (ईएमएस)। ग्वालियर में सिंधिया स्कूल फोर्ट के 125वें स्थापना समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं। मोदी ऐसे पहले पीएम होंगे जो इस पद पर रहते हुए आए हैं। अभी तक कोई प्रधानमंत्री स्कूल के समारोह में नहीं आया है। यही कारण है कि सिंधिया स्कूल पीएम मोदी का ग्रांड वेलकम करेगा। प्रधानमंत्री के किले पर आगमन के साथ ही छात्रों का घुड़सवार दल उनका वेलकम कर उन्हें अंदर एन्ट्री कराएगा। इसके बाद जय हो थीम पर म्यूजिक के बीच पीएम मोदी युवा छात्रों से मिलेंगे। करीब दो घंटे पीएम मोदी सिंधिया स्कूल में रहेंगे। इस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। यह बात शुक्रवार को सिंधिय स्कूल के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर मनोज कुमार मिश्रा ने कही है।
सिंधिया स्कूल के 125 वें स्थापना दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। साथ ही मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र प्रसाद, सांसद विवेक शेजवलकर, मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, भारत सिंह कुशवाहा, प्रद्युम्न सिंह तोमर, सिंधिया स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यगण, देश के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी, देश विदेश से आए अनेक पूर्व छात्र, सिंधिया स्कूल के वर्तमान छात्र गण व विभिन्न विद्यालयों के छात्र, अभिभावक गण, सिंधिया स्कूल द्वारा गोद लिए गए गांव के जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य अजय सिंह, उप प्राचार्या स्मिता चतुर्वेदी, सभी शिक्षक व सिंधिया स्कूल परिवार के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे।
घुड़सवार दस्ते पीएम मोदी को कार्यक्रम स्थल तक लाएंगे
विद्यालय के छात्रों के घुड़सवार दस्ते मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे और उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाएंगे। जहां विद्यालय के ब्रास बैंड के बच्चों द्वारा जय हो ध्वनि के साथ उनका अभिवादन किया जाएगा। प्रधानमंत्री का परिचय विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों सिंधिया स्कूल के अध्यापकों, विद्यालय परिवार के सदस्यों तथा वरिष्ठ छात्रों से कराया जाएगा। विद्यालय के संबंध में प्रदर्शित प्रदर्शनी में बच्चे विद्यालय से संबंधित पांच मुख्य विषय से प्रधानमंत्री को अवगत कराएंगे। वे विषय है-विद्यालय का इतिहास, समग्र शिक्षा, व्यक्तित्व-रूपांतरण, अस्ताचल, समाज सेवा व फोर्ट बायोस्फियर। उसके बाद प्रधानमंत्री विद्यालय में बनने वाले मल्टीपर्पज स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स की भी आधारशिला रखेंगे। स्मृति स्वरुप वृक्षारोपण भी करेंगे। फिर मंच पर तैयार बच्चों द्वारा प्रधानमंत्री के समक्ष सिंधिया स्कूल का विद्यालय गीत और उत्सव गीत प्रस्तुत किया जाएगा।
पूर्व छात्र को मिलेगा माधव अवार्ड
इसके पश्चात प्रधानमंत्री द्वारा विद्यालय व सदन से संबंधित पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ष विद्यालय का सर्वोच्च सम्मान माधव अवार्ड एक ऐसे पूर्व छात्र को दिया जाता है जो देश और विदेश में अपना नाम कमा चुके हैं और समाज सेवा तथा लोक कल्याण से किसी न किसी तरह जुड़े हुए हैं। यह पुरस्कार भी प्रधानमंत्री के द्वारा एक पूर्व छात्र को प्रदान किया जाएगा। अंत में एक नृत्य नाटिका अस्ताचल का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें 300 से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे।















