कैफे की आड़ में हुक्का बार का भंडाफोड़, पुलिस ने छापेमारी से मचा हड़कंप, एक दर्जन गिरफ्तार

​उरई शहर में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। जेल चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जालौन रोड स्थित एक कैफे पर अचानक छापेमारी की, जहाँ हुक्के की आड़ में नशे का काला खेल संचालित किया जा रहा था।


पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से कैफे में हड़कंप मच गया। मौके से पुलिस ने एक दर्जन से अधिक युवकों को हिरासत में लिया है। सभी को कोतवाली उरई लाया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हुक्का और नशीली तंबाकू बरामद की है। पकड़े गए सभी युवक-युवतियां बालिग बताए जा रहे हैं। जैसे ही इसकी खबर शहर में फैली, पकड़े गए लोगों के परिजनों और रसूखदारों का कोतवाली में जमावड़ा लग गया। सूत्रों की मानें तो रसूखदार लोग अपने-अपने चहेतों को छुड़वाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं और सिफारिशों के साथ-साथ ‘सौदेबाजी’ की चर्चाएं भी गर्म हैं।


पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि कैफे की आड़ में केवल हुक्का पिलाया जा रहा था या फिर वहां किसी अन्य प्रकार की अवैध गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं।


​क्या कोतवाली पुलिस सिफारिशों और दबाव के आगे झुक जाएगी, या फिर नशे के इस अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए मिसाल पेश करेगी? यह आने वाला वक्त और पुलिस की कार्रवाई तय करेगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

7 + 1 =
Powered by MathCaptcha