यूपी विधानसभा का सत्र शुरू : पहली बार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी योगी सरकार…राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा के सदस्यों ने लगाए…

लखनऊ । राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। यह सत्र 20 फरवरी तक चलेगा। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार पहली बार विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह हमारा दसवां बजट है। इस दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण है। सत्र 2026-27 के लिए 11 फरवरी को बजट पेश होगा।

मुख्यमंत्री याेगी ने अनावश्यक शोरगुल से बचने की सलाह देते हुए कहा कि संवाद से समस्या के समाधान का प्रयास करें। सरकार हर समस्या पर चर्चा के लिए तैयार है। सदस्यों के सुझाव लेने को तैयार है।

उन्हाेंने कहा कि विधानमण्डल लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार स्तम्भ है। यह संवाद से चलता है, कार्यवाही को बाधित करके नहीं। सदस्य अगर कार्यवाही को बाधित करेंगे तो वे मुद्दों को डायल्यूट करेंगे। पिछले नौ साल में यूपी विधानमंडल में कार्यवाही के कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। यह बजट सत्र विकास की रफ्तार को और तेज करेगा।

सत्र शुरू होने से पले समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने विधानसभा परिसर में लगी चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष सपा सदस्यों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की फोटो लेकर प्रदर्शन किया। सपा सदस्य कोडीन कफ सीरप व किसानों के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भी सपा के सदस्यों ने सदन में नारेबाजी की।

उप्र विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा के सदस्यों ने लगाए ‘गो बैक ‘ के नारे

 उप्र विधानमंडल के बजट सत्र सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे राष्ट्रगान के साथ आरम्भ हुआ। इसके बाद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का अभिभाषण शुरू हुआ। राज्यपाल ने विधानसभा में दोनों सदनों के सदस्यों को सम्बोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने विरोध किया। सपा के सदस्यों ने सदन में ‘गो बैक राज्यपाल’ के नारे लगाए। सरकार विरोधी नारेबाजी की। उधर राज्यपाल ने अपना भाषण जारी रखा। सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री याेगी ने बजट सत्र के दौरान चलने वाले स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साेमवार काे बजट सत्र की शुरुआत से पहले विधान भवन में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। यह शिविर विधानसभा व विधान परिषद के सदस्यों के लिए लगाया गया है। इसमें केजीएमयू के चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। शिविर के उद्घाटन के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा यह शिविर लगाया गया है। यह शिविर माननीय सदस्यों व अन्य लोगों की सुविधा के लिए भी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ दिनचर्या हर नागरिक का अधिकार होनी चाहिए। सरकार भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस पर काम कर रही है। सीएम ने सदस्यों को तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर सदस्य को तनावमुक्त रहकर उन्मुक्त वातावरण में दिनचर्या रखनी चाहिए, इससे रोग आकर भी भाग जाएगा।

सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति की बात महत्वपूर्ण होती है। नेता विकास, डॉक्टर स्वास्थ्य और जो जिस क्षेत्र का विशेषज्ञ है, उस विषय की बातें करेगा तो इसका प्रभाव आमजन पर पड़ेगा। सीएम ने सभी सदस्यों से इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी का आभार प्रकट किया। स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, बलदेव सिंह औलख, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, एसजीपीजीआई के निदेशक आरके धीमन आदि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

53 − = 46
Powered by MathCaptcha