
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में बीती 31 जनवरी को हुए वेंडर जगभान हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। नवाबाद थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक की अपनी पत्नी ही निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि पत्नी ने अपने फेसबुक वाले प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सुनसान रास्ते पर मारी गई थी गोली
बीती 31 जनवरी को रेलवे स्टेशन से पुलिया नंबर 09 की तरफ जाने वाले रास्ते पर वेंडर जगभान (पुत्र सरमन, निवासी ललितपुर) का शव मिला था। जगभान की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में मृतक के बेटे राज कुशवाहा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से जब नवाबाद पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो शक की सुई घर के अंदर ही जाकर रुकी।
फेसबुक पर शुरू हुई ‘खूनी’ प्रेम कहानी
पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी किरन कुशवाहा ने जो राज उगले, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। किरन ने बताया कि जगभान शराब का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। उसने अपनी जमीन और मकान भी बेच दिया था। इसी दौरान किरन की मुलाकात फेसबुक के जरिए मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी शिवकुमार लोधी से हुई। धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया। किरन ने पुलिस को बताया कि पति की पाबंदियों और मारपीट की वजह से वह अपने प्रेमी से मिल नहीं पा रही थी, इसलिए उसने जगभान को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
ऐसे रची गई मौत की पूरी साजिश
साजिश को अंजाम देने के लिए प्रेमी शिवकुमार ने किरन को एक नई सिम कार्ड उपलब्ध कराई थी ताकि किसी को शक न हो। 31 जनवरी को जैसे ही जगभान काम के लिए घर से निकला, किरन ने शिवकुमार को गुप्त सिम से सूचना दे दी। योजना के मुताबिक, शिवकुमार अपने दोस्त धर्मेंद्र लोधी के साथ बाइक पर सवार होकर आया और पुलिया नंबर 09 के पास सुनसान इलाके में जगभान को घेर लिया। वहां उन्होंने 315 बोर के तमंचे से जगभान को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घेराबंदी कर महादेव कॉम्प्लेक्स के पास से दबोचे गए हत्यारे
10 फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी भागने की फिराक में हैं। स्वाट और नवाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रक्षा बाईपास तिराहे पर महादेव कॉम्प्लेक्स के सामने घेराबंदी की। पुलिस ने वहां से किरन कुशवाहा, शिवकुमार लोधी और धर्मेंद्र लोधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।










