बांग्लादेश में मतदान के दौरान कई जगह बम विस्फोट, मीरपुर में बीएनपी और जमात समर्थकों में झड़प

ढाका। बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव और ऐतिहासिक राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए गुरवार को मतदान के दौरान देश के कई हिस्सों में हुए बम विस्फोट में अनेक लोग घायल हो गए। यह धमाके मुंशीगंज और गोपालगंज में हुए हैं। इसके अलावा मीरपुर में दो पार्टियों के सदस्यों के बीच झड़प की सूचना है।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार आज सुबह मतदान के दौरान मुंशीगंज सदर उपजिला के मखाती गुरुचरण हाईस्कूल में एक देसी बम से धमाका किया गया। सदर थाना प्रभारी मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर झड़प हुई। इसी दौरान बम से धमाका किया गया।

राजधानी ढाका में मीरपुर-10 संसदीय क्षेत्र में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और जमात समर्थकों के बीच भिड़ंत की खबर है। इसी सीट से जमात के मुखिया शफिकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रोथोम अलो की रिपोर्ट के अनुसार गोपालगंज सदर में एक मतदान केंद्र पर वोटिंग के दौरान एक देसी बम फेंका गया। इस धमाके में अंसार के दो सदस्यों समेत तीन लोग घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे रेशमा इंटरनेशनल स्कूल मतदान केंद्र पर हुई।

केंद्र पर पर मौजूद सब इंस्पेक्टर जहीदुल इस्लाम ने कहा कि हमलावरों ने पास की नहर के पार से देसी बम फेंका। इस धमाके में अंसार के सदस्य सुकोंथा मजूमदार और जमाल हुसैन, साथ ही आरामबाग इलाके के एक मतदाता की 14 साल की बेटी अमीना खानम घायल हो गईं। धमाके से केंद्र का मेन गेट थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया।

बांग्लादेश में दोपहर 12 बजे तक 32.88 प्रतिशत मतदान

बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए आज दोपहर 12 बजे तक 32.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह जानकारी बांग्लादेश निर्वाचन आयोग के मुख्यालय में वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने दोपहर पौने एक बजे संवाददाता सम्मेलन में दी।

आयोग के वरिष्ठ सचिव अहमद ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 32,789 मतदान केंद्रों पर 32.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि देशभर में 42,651 केंद्रों पर मतदान चल रहा है। अभी तक किसी भी पोलिंग सेंटर से अनहोनी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है।

इस बीच अंतरिम सरकार के सचिवालय ने बताया कि मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने आज सुबह यहां गुलशन मॉडल स्कूल और कॉलेज पोलिंग सेंटर पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रोफेसर यूनुस ने 13वें संसदीय चुनाव और जुलाई नेशनल चार्टर पर राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए सुबह 10:25 बजे मतदान किया। वो सुबह करीब 10:20 बजे पोलिंग सेंटर पहुंचे।

बांग्लादेशः पीठासीन अधिकारी ने ढाका-11 चुनाव क्षेत्र के केंद्र पर उमड़ी मतदाताओं की भीड़ पर उठाए सवाल

बांग्लादेश में तेरहवें संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए हो रहे मतदान के बीच एक पीठासीन अधिकारी ने गंभीर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि ढाका-11 चुनाव क्षेत्र के आनंदनगर आदर्श हाईस्कूल पोलिंग सेंटर पर अत्यधिक भीड़ ‘बनावटी’ लग रही है । सुबह 11:30 बजे तक इस स्कूल में बनाए गए छह पोलिंग सेंटर पर औसत मतदान 23.96% रहा।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार पीठासीन अधिकारी एमए मोहिबुर रहमान ने कहा, ”इतने अधिक मतदाता का उमड़ना सुनयोजित लग रहा है। ऐसी स्थिति असल वोटर्स को मतदान करने से रोकने के लिए पैदा की जा सकती है।” उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए एक मजिस्ट्रेट को पहले ही बता दिया गया था और उन्हें भरोसा मिला था कि सेना तैनात की जाएगी।’

हालांकि, केंद्र नंबर 90 के प्रभारी और पीठासीन अधिकारी मोहम्मद मोनवर हुसैन ने एक अलग ही तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा, ”मतदान में कोई गड़बड़ी नहीं है। प्रवेश द्वार का संकरा होना भीड़ का मुख्य कारण है।”

उधर, कई मतदाताओं ने भी भीड़ और व्यवस्था को लेकर निराशा जताई। 21 वर्षीय शफीन ने कहा, ”जब मैं सुबह आठ बजे वोट देने आया, तब भी भीड़ शुरू से ही ऐसी ही थी। नतीजा लोगों की पसंद पर निर्भर करेगा।”

उल्लेखनीय है आनंदनगर आदर्श हाई स्कूल मतदान केंद्र के अंतर्गत कुल 19,290 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,791 पुरुष और 9,499 महिलाएं शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

− 4 = 1
Powered by MathCaptcha