ईशान किशन का बड़ा धमाका, 20 गेंद में फिफ्टी, एक ओवर में जड़े 28 रन…सबूत है ये VIDEO

 

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के ‘पॉकेट डायनामाइट’ ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में किशन ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसे देख विपक्षी गेंदबाज थर-थर कांपने लगे। 27 वर्षीय इस युवा स्टार ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और महज 20 गेंदों में अर्धशतक ठोक कर भारत को एक तूफानी शुरुआत दिलाई।

जेजे स्मिट के ओवर में बरपाया कहर, जड़े 4 लगातार छक्के

ईशान किशन के प्रचंड रूप का असली ट्रेलर पारी के छठे ओवर में देखने को मिला। नामीबिया की ओर से अनुभवी गेंदबाज जेजे स्मिट ओवर डालने आए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि किशन आज इतिहास लिखने के मूड में हैं। किशन ने स्मिट की दूसरी, तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार चार गगनचुंबी छक्के जड़कर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। यहीं नहीं, ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने करारा चौका लगाया। इस एक ओवर से किशन ने कुल 28 रन बटोरे और पावरप्ले का अंत धमाकेदार अंदाज में किया।

254 की स्ट्राइक रेट से बरसे रन, तोड़ा नामीबिया का हौसला

पारी का आगाज करने आए ईशान किशन आज अलग ही लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने अपनी पारी में केवल 24 गेंदों का सामना किया और 254.16 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 61 रन बना डाले। उनकी इस पारी में 6 चौके और 5 शानदार छक्के शामिल रहे। किशन की आक्रामकता का आलम यह था कि नामीबियाई कप्तान जेरार्ड इरास्मस भी फील्डिंग सजाने में बेबस नजर आ रहे थे। आखिरकार इरास्मस ने ही किशन को आउट किया, जिनका कैच बेन शिकोंगो ने लपका। जब किशन आउट हुए, तब भारत का स्कोर 7.1 ओवर में 104 रन पहुंच चुका था।

युवराज और रोहित के खास क्लब में ईशान की एंट्री

अपनी 20 गेंदों वाली फिफ्टी के साथ ही ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय दिग्गजों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है। अब वह युवराज सिंह और केएल राहुल जैसे दिग्गजों के साथ खास एलीट ग्रुप का हिस्सा बन गए हैं।

T20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज फिफ्टी (भारतीय खिलाड़ी):

| गेंदे | खिलाड़ी | विपक्षी टीम | साल |

 | 12 | युवराज सिंह | इंग्लैंड | 2007 |

| 18 | केएल राहुल | स्कॉटलैंड | 2021 |

| 19 | रोहित शर्मा | ऑस्ट्रेलिया | 2024 |

| 20 | युवराज सिंह | ऑस्ट्रेलिया | 2007 |

| 20 | ईशान किशन | नामीबिया | 2026 |


खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

− 4 = 1
Powered by MathCaptcha