पुणे के IT इंजीनियर ने लोनावला के लायंस पॉइंट से 250 फीट गहरी खाई में लगाई छलांग, मौत से पहले पत्नी को भेजा इमोशनल मेल

लोनावला (पुणे): महाराष्ट्र के मशहूर पर्यटन स्थल लोनावला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पुणे के बानेर स्थित एक निजी आईटी कंपनी में कार्यरत 32 वर्षीय इंजीनियर वीरेंद्र सिंह ने लायंस पॉइंट की पहाड़ियों से करीब 250 फीट गहरी खाई में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने एक बार फिर आईटी सेक्टर के बढ़ते मानसिक तनाव और लोनावला के सुसाइड पॉइंट बनते जा रहे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के सवालों को खड़ा कर दिया है।

लावारिस कार ने खोला राज, ईमेल और मैसेज में दिया था संकेत

पुलिस के मुताबिक, वीरेंद्र सिंह गुरुवार (12 फरवरी) तड़के अपनी कार लेकर लायंस पॉइंट पहुंचे थे। काफी देर तक कार को सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि वीरेंद्र ने सुसाइड जैसा आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अपनी पत्नी और करीबी दोस्तों को ईमेल और सोशल मीडिया पर मैसेज भेजे थे। इन संदेशों में उन्होंने अपने जीवन के कठिन दौर और मानसिक स्थिति का संकेत दिया था।

250 फीट नीचे से शिवदुर्ग टीम ने निकाला शव

घटना की गंभीरता को देखते हुए लोनावला ग्रामीण पुलिस, शिवदुर्ग रेस्क्यू टीम और वन्यजीव रक्षक मावल संस्था के स्वयंसेवकों ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। गहरी खाई और पथरीले रास्तों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अंततः 250 फीट नीचे वीरेंद्र का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

लोनावला का ‘डेथ पॉइंट’ बनता लायंस पॉइंट?

लोनावला का लायंस पॉइंट अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, लेकिन पिछले कुछ समय से यहां खुदकुशी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। पिछले ही हफ्ते मुंबई में वकालत की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा श्रेया नरेंद्र पाटी ने भी यहीं से 400 फीट गहरी खाई में कूदकर जान दे दी थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने प्रशासन और स्थानीय निवासियों के बीच चिंता पैदा कर दी है। पुलिस अब इन पर्यटन क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा बढ़ाने और फेंसिंग करने पर विचार कर रही है।


डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव, अवसाद या किसी भी तरह की परेशानी से जूझ रहा है, तो कृपया अकेले न रहें। आप हेल्पलाइन नंबर 9152987821 या 18005990019 पर संपर्क कर विशेषज्ञों से मुफ्त सहायता ले सकते हैं। 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

− 7 = 1
Powered by MathCaptcha