कोलंबो: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े महामुकाबले यानी भारत बनाम पाकिस्तान (IND vs PAK) की जंग से पहले कोलंबो का पारा सातवें आसमान पर है। रविवार, 15 फरवरी को होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच के लिए टीम इंडिया श्रीलंका की राजधानी पहुंच चुकी है। एयरपोर्ट पर कदम रखते ही भारतीय खिलाड़ियों का स्वागत पारंपरिक श्रीलंकाई अंदाज में किया गया, लेकिन इस दौरान एक ऐसा ‘रील’ मोमेंट सामने आया जिसने सोशल मीडिया पर आग लगा दी है। जैसे ही स्थानीय कलाकारों ने ढोल बजाना शुरू किया, टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह खुद को रोक नहीं पाए और वहीं भांगड़ा शुरू कर दिया।
Team India arrives in Colombo ahead of T20WC clash versus Pakistan; Arshdeep's dance on dhol makes a viral 'reel' moment
Read @ANI Story | https://t.co/Q7ACV0zUtW#ArshdeepSingh #INDvsPAK #T20WorldCup #cricket #TeamIndia pic.twitter.com/tmNVDwEV6T
— ANI Digital (@ani_digital) February 13, 2026
एयरपोर्ट पर दिखा खिलाड़ियों का अलग-अलग अंदाज, हार्दिक का दिखा स्वैग
कोलंबो एयरपोर्ट पर टीम इंडिया के हर खिलाड़ी का मिजाज अलग नजर आया। एक तरफ हेड कोच गौतम गंभीर अपने चिर-परिचित ‘सीरियस’ लुक में दिखे, जिससे साफ था कि उनका पूरा ध्यान पाकिस्तान को पटखनी देने की रणनीति पर है। वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अपने फंकी हेयरस्टाइल और खास स्वैग के साथ नजर आए, उनके साथ माहिरा शर्मा भी दिखाई दीं। लेकिन असली महफिल तो अर्शदीप सिंह ने लूटी। ढोल की थाप पर उनके डांस ने यह संकेत दे दिया है कि टीम इंडिया दबाव में नहीं, बल्कि पूरे जोश और मस्ती के साथ मैदान पर उतरने के लिए तैयार है।
पाकिस्तान के खिलाफ अर्शदीप और बुमराह की घातक जोड़ी
मैदान के बाहर भले ही अर्शदीप डांस कर रहे हों, लेकिन पाकिस्तानी बल्लेबाज जानते हैं कि मैदान के अंदर उनकी गेंदे कितनी खतरनाक होती हैं। अर्शदीप का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शानदार है; उन्होंने अब तक 4 मैचों में 17.57 की औसत से 7 विकेट चटकाए हैं। रविवार को जसप्रीत बुमराह की सटीक यॉर्कर और अर्शदीप की जादुई स्विंग के सामने पाकिस्तानी टॉप ऑर्डर की कड़ी परीक्षा होगी। इसके अलावा हार्दिक पांड्या भी पाकिस्तान के खिलाफ 25 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित कर चुके हैं।
नंबर 3 पर तिलक वर्मा का धमाका, ईशान किशन करेंगे प्रहार
विराट कोहली की गैरमौजूदगी में इस बार नंबर 3 की जिम्मेदारी तिलक वर्मा के कंधों पर है। तिलक का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड किसी सपने जैसा है, जहां उनका बल्लेबाजी औसत 130.00 का है। फैंस को आज भी एशिया कप फाइनल की उनकी वो ऐतिहासिक 69* रनों की पारी याद है। उनके साथ ईशान किशन पावरप्ले में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पाकिस्तानी गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। वहीं, अभिषेक शर्मा की वापसी और स्पिन-फ्रेंडली पिच पर वरुण चक्रवर्ती का ‘मिस्ट्री’ स्पेल भारत के लिए जीत की चाबी साबित हो सकता है।















