
कोलंबो। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आज क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा ‘सुपरहिट’ मुकाबला होने जा रहा है। भारत और पाकिस्तान की टीमें टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मैच में आमने-सामने होंगी। लेकिन इस मैच के रोमांच से इतर गलियारों में एक ही सवाल गूंज रहा है— क्या मैदान पर भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाएंगे? पिछले कुछ समय से टीम इंडिया की ‘नो हैंडशेक’ (No Handshake) नीति ने इस कदर चर्चा बटोरी है कि टॉस से ज्यादा इंतजार मैच के बाद वाले दृश्यों का हो रहा है।
सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा के बयानों ने बढ़ाया सस्पेंस
मैच की पूर्व संध्या पर जब दोनों कप्तानों से प्रेस कॉन्फ्रेंस में हाथ मिलाने को लेकर सवाल किया गया, तो दोनों ने ही सस्पेंस बनाए रखा। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहा, “इसका जवाब आपको कल मैदान पर ही मिल जाएगा।” वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधते हुए कहा कि वह इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं कह सकते और वक्त आने पर ही देखा जाएगा। कप्तानों के इन नपे-तुले बयानों ने इस विवाद को और हवा दे दी है।
पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ ‘नो हैंडशेक’ का सिलसिला
दरअसल, यह पूरा विवाद एशिया कप 2025 के दौरान शुरू हुआ था। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कुछ ही महीनों बाद जब एशिया कप का आयोजन हुआ, तो भारत ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ न मिलाने का कड़ा रुख अपनाया था। एशिया कप के फाइनल समेत अब तक हुए तीनों मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने इस नीति का पालन किया, जिसे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी प्रतिष्ठा का मुद्दा बना लिया है। पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने तो आईसीसी (ICC) के सामने यहां तक कह दिया था कि अगर हाथ मिलाने का फैसला नहीं होता, तो वे टी-20 वर्ल्ड कप का मैच नहीं खेलेंगे।
क्या कहता है ICC का नियम? क्या हाथ मिलाना अनिवार्य है?
पीसीबी की इस मांग पर आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए इसे खारिज कर दिया। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि हाथ मिलाना किसी भी टीम का व्यक्तिगत निर्णय है और यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। हालांकि, मेलबर्न क्रिकेट क्लब (MCC) की ‘स्पिरिट ऑफ क्रिकेट’ में खिलाड़ियों से विरोधी टीम के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार और हाथ मिलाने की अपील की जाती है, लेकिन क्रिकेट के नियमों की किताब में ऐसा कोई अनिवार्य नियम नहीं है। मौजूदा हालात को देखते हुए कोलंबो में आज होने वाले मुकाबले में भी भारतीय क्रिकेटरों द्वारा पाकिस्तान से हाथ मिलाने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है।















