
भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा): राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। खुशखेड़ा-करौली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 मजदूरों के जिंदा जलने की पुष्टि हो चुकी है, जिनके शव मलबे से निकाल लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि जब आग लगी, तब फैक्ट्री के भीतर करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
धमाकों से दहला इलाका, मौत बनकर टूटी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री के भीतर से अचानक एक के बाद एक 3 से 4 जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद पूरी बिल्डिंग आग के गोले में तब्दील हो गई। अफरा-तफरी के बीच कुछ मजदूर तो जान बचाकर बाहर भागने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 10 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिनमें से राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अब तक 7 शव बाहर निकाले जा चुके हैं। प्रशासन को अंदेशा है कि अभी भी कुछ और लोग अंदर फंसे हो सकते हैं।
प्रशासनिक अमला मौके पर, बचाव कार्य जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंचे तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त जिलाधिकारी (ADM) सुमिता मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी उन्होंने कारखाने से धुआं उठते देखा और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। भिवाड़ी एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने पहुंच रहे हैं।
बंद फैक्ट्री में कैसे लगी आग? उठे सवाल
इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एनडीटीवी और स्थानीय सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, यह केमिकल फैक्ट्री पिछले कई महीनों से बंद पड़ी थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बंद फैक्ट्री में अचानक इतनी भीषण आग कैसे लगी? बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में गत्ते और केमिकल का स्टॉक जमा था, जिसने आग में घी का काम किया। धमाकों की वजह केमिकल ड्रमों में ब्लास्ट होना माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर आग लगने के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।














