बेरहमी की हदें पार: MBA छात्रा की हत्या के बाद शव से की दरिंदगी, गला घोंटा, चाकू मारा और फिर बीयर पी

इंदौर/मुंबई: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी के भी पैरों तले जमीन खिसक जाए। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की “अंकल गली” में हुई एमबीए छात्रा की हत्या के मामले में आरोपी पीयूष धमनोतिया ने पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, वे किसी डरावनी फिल्म की पटकथा से भी ज्यादा भयावह हैं। आरोपी ने न केवल अपनी प्रेमिका की हत्या की, बल्कि उसकी मौत के बाद शव के साथ अमानवीय कृत्य किया और फिर पश्चाताप व डर के मारे तंत्र-मंत्र का सहारा लेने लगा।

पनवेल के जंगलों में ‘आत्मा’ से संपर्क की कोशिश

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीयूष मुंबई के पास पनवेल भाग गया था। जब पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार किया, तो एक बेहद अजीबोगरीब मंजर सामने आया। वह एक सुनसान जगह पर मोबाइल में यूट्यूब पर “आत्माओं से कैसे संपर्क करें?” जैसे वीडियो देख रहा था। सामने अगरबत्ती जल रही थी और वह रोते हुए छात्रा की आत्मा से माफी मांग रहा था। डीसीपी कृष्णलाल चंदानी के मुताबिक, आरोपी मानसिक रूप से परेशान दिख रहा था और तंत्र-विद्या के जरिए मृतका से बात करने की कोशिश कर रहा था।

बेरहमी की हदें पार: गला घोंटा, चाकू मारा और फिर बीयर पी

पुलिस जांच और आरोपी के कबूलनामे के अनुसार, 10 फरवरी को पीयूष ने छात्रा को अपने घर बुलाया था। वहां उसने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। छात्रा के इनकार करने पर उसने उसे “गिफ्ट” देने का झांसा देकर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी। विरोध करने पर उसने छात्रा के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और सीने पर बैठकर गला घोंट दिया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी; मौत सुनिश्चित करने के लिए उसने चाकू से वार किया और छात्रा की मौत के बाद बाहर जाकर बीयर लाया। आरोपी ने कबूल किया कि उसने मृत देह के साथ भी दुष्कर्म किया और शव के पास बैठकर ही शराब पी।

शक और डिजिटल हिंसा का खौफनाक तांडव

पूछताछ में सामने आया कि पीयूष और छात्रा रिलेशनशिप में थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन पीयूष को शक था कि छात्रा किसी डेटिंग ऐप के जरिए दूसरे लड़कों से बात करती है। इसी “इनसिक्योरिटी” ने उसे हैवान बना दिया। हत्या के बाद आरोपी ने दोनों के कुछ आपत्तिजनक वीडियो कॉलेज के ग्रुप में शेयर कर दिए और छात्रा के ही व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिए, ताकि उसे बदनाम किया जा सके। छात्रा अपने पिता से आधार कार्ड सुधारने का झूठ बोलकर पीयूष से मिलने गई थी, लेकिन उसे क्या पता था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगी।

पुलिस रिमांड में जारी है पूछताछ

फिलहाल आरोपी पीयूष धमनोतिया तीन दिन की पुलिस रिमांड पर है। पुलिस ने उसके कमरे से रस्सियों के टुकड़े, टूटा हुआ चाकू और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य बरामद किए हैं। हालांकि आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा है, लेकिन डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस केस को मजबूत कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इंदौर को दहला दिया है और लोग आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

85 − = 84
Powered by MathCaptcha