इश्क पर नहीं उम्र की बंदिश : 70 साल के हकीम बाबर ने रचाई 22 वर्षीय युवती से शादी, हनीमून प्लानिंग पर चर्चा…देखें VIDEO

रावलपिंडी: शादियों में उम्र का फासला होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन जब यह फासला चार दशक से भी ज्यादा का हो जाए, तो चर्चा लाजमी है। इन दिनों सोशल मीडिया पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की एक ऐसी ही शादी सुर्खियां बटोर रही है। यहाँ एक 70 साल के बुजुर्ग ने अपने से 48 साल छोटी 22 वर्षीय युवती के साथ निकाह कर सबको हैरान कर दिया है। इस बेमेल जोड़ी की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है।

दादा-पोती की उम्र का फासला, पर मियां-बीवी का साथ

मामला पाकिस्तान के रावलपिंडी के चकलना स्कीम-III का है। यहाँ के निवासी हकीम बाबर (70) ने हाल ही में एक 22 साल की लड़की से शादी की है। वायरल वीडियो में लंबी सफेद दाढ़ी वाले हकीम बाबर सोफे पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके बगल में लाल जोड़े में सजी उनकी नई नवेली दुल्हन बैठी है। पहली नजर में यह जोड़ी दादा और पोती जैसी लगती है, जिसे देख लोग अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं।

‘लव कम अरेंज मैरिज’: दिल मिला तो उम्र की दीवार गिरी

लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच हकीम बाबर ने पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट ‘ट्रिब्यून’ को दिए इंटरव्यू में अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इस रिश्ते का बचाव करते हुए कहा, “हमारी शादी अरेंज और लव मैरिज का मिला-जुला रूप है। हम एक-दूसरे को पसंद करते थे, जिसके बाद हमने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को निकाह का नाम दिया और इसे ऑफिशियल कर दिया।”

ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब: “धोखा देने से बेहतर है निकाह”

बाबर ने तीखी आलोचना करने वालों को आईना दिखाते हुए कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है, बल्कि निकाह कर सुन्नत अदा की है। उन्होंने कहा, “ट्रोल करने वाले कई लोग ऐसे हैं जो गर्लफ्रेंड रखते हैं और उन्हें धोखा देते हैं लेकिन शादी नहीं करते। मैंने जिम्मेदारी निभाई है।” वहीं, उनकी 22 साल की पत्नी ने भी बाबर का समर्थन करते हुए कहा कि अगर सच्चा प्यार मिल जाए, तो उम्र का फासला कोई मायने नहीं रखता।

नीदरलैंड्स में मनाएंगे हनीमून, ईद के बाद खास प्लानिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जोड़ा अपनी नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर काफी उत्साहित है। ईद के बाद हकीम बाबर और उनकी पत्नी सबसे पहले सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद यह कपल हनीमून के लिए नीदरलैंड्स (Netherlands) की उड़ान भरेगा।

फिलहाल, रावलपिंडी की यह ‘अनोखी प्रेम कहानी’ दुनिया भर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चर्चा और मीम्स का केंद्र बनी हुई है। कोई इसे सच्चा प्यार बता रहा है तो कोई इसे महज एक समझौता।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment