नई दिल्ली। रंगों के त्योहार होली पर इस बार इंद्रदेव मेहरबान रहेंगे या सूरज के तेवर तल्ख होंगे, इसे लेकर मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति साफ कर दी है। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में इस बार होली का हुड़दंग पूरी तरह साफ और शुष्क मौसम के बीच मनेगा। हालांकि, दिल्ली से लेकर राजस्थान तक तापमान में होने वाली बढ़ोतरी पसीने छुड़ाने के लिए तैयार है। राजधानी में जहां दोपहर की धूप चुभेगी, वहीं राजस्थान में लू (Heatwave) जैसा अहसास होने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर: खिली धूप और तेज हवाओं का पहरा
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में होली के दिन आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दोपहर के समय तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास होगा, लेकिन राहत की बात यह है कि 15-20 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाएं उमस नहीं होने देंगी।
यूपी और पंजाब: सुबह सुहावनी, दोपहर में तपिश
उत्तर प्रदेश में भी 4 मार्च को मौसम के मिजाज तल्ख रहने वाले हैं। यहां दिन का पारा 30 से 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रातें 13 से 16 डिग्री के साथ शीतल बनी रहेंगी। वहीं, पंजाब में मौसम थोड़ा नरम रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। यहां सुबह-शाम का मौसम मुसाफिरों और हुड़दंगियों के लिए खुशनुमा बना रहेगा।
राजस्थान में पारा 37 पार, बंगाल में उमस करेगी परेशान
होली के दिन सबसे ज्यादा गर्मी राजस्थान में देखने को मिल सकती है। मरुधरा में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने के आसार हैं, जिससे दोपहर में लू जैसा अहसास हो सकता है। दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री के बीच रहेगा, लेकिन गंगीय क्षेत्रों में हल्की उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
पहाड़ों पर बारिश के आसार, दक्षिण में भी बूंदाबांदी
मैदानी इलाकों में जहां गर्मी बढ़ रही है, वहीं पहाड़ों पर मौसम थोड़ा अलग होगा। जम्मू-कश्मीर में 4 से 7 मार्च के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत की बात करें तो केरल के कुछ हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी होली के रंग में भंग डाल सकती है।
अगले 4 दिनों में 4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 3-4 दिनों के भीतर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। साफ है कि इस बार उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश राज्यों में होली का त्योहार तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच मनाया जाएगा।













