नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली का उत्तम नगर इलाका शुक्रवार रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। होली के दिन एक मासूम बच्ची द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने से शुरू हुए विवाद में एक हिंदू युवक की नृशंस हत्या के बाद इलाके में जबरदस्त आक्रोश है। शुक्रवार (6 मार्च 2026) की देर रात गुस्साए लोगों की भीड़ ने मुख्य आरोपी के घर पर धावा बोल दिया, जहां जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
गुब्बारे की छींटें और फिर पत्थरों से हमला: क्या था पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाद की शुरुआत होली के दिन हुई थी जब एक छोटी बच्ची द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे की कुछ छींटें एक मुस्लिम महिला पर गिर गईं। इस मामूली बात पर दूसरे पक्ष के 15-20 लोगों ने इकट्ठा होकर तरुण नामक हिंदू युवक पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक की छाती पर भारी पत्थरों से प्रहार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इस बर्बरतापूर्ण घटना के बाद से ही स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों में उबाल था।
STORY | Vehicles set ablaze, massive protest blocks road in Delhi's Uttam Nagar after man killed in Holi clash
Tension escalated in southwest Delhi's Uttam Nagar on Friday as a car and a motorcycle were set on fire, and a massive protest by Hindu political outfits blocked… pic.twitter.com/4qsI4PkQEo
— Press Trust of India (@PTI_News) March 6, 2026
आधी रात को फूटा गुस्सा, आरोपी की कार और बाइक फूंकी
शुक्रवार की रात यह आक्रोश हिंसा में बदल गया। सैकड़ों की तादाद में लोग मुख्य आरोपी के घर के बाहर जमा हो गए और फर्नीचर व अन्य घरेलू सामान सड़क पर फेंक कर आग लगा दी। देखते ही देखते भीड़ ने घर के बाहर खड़ी एक कार और दो मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया। आगजनी की लपटों और तोड़फोड़ के शोर से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दहशत के साये में घरों में दुबक गए।
मेट्रो स्टेशन के नीचे चक्का जाम, बजरंग दल और VHP का प्रदर्शन
युवक तरुण की मौत के विरोध में शुक्रवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के नीचे बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और फांसी की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। सड़क जाम होने के कारण ऑफिस से घर लौट रहे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
छावनी में तब्दील हुआ इलाका, पुलिस की पैनी नजर
हालात बिगड़ते देख दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गुस्साई भीड़ को समझाने और शांत कराने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों को भी तैनात किया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही हत्या के आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। फिलहाल पूरे इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है।















