जौनपुर में हाई-वोल्टेज ड्रामा: प्रेमी से शादी की जिद में हाईटेंशन पोल पर चढ़ी युवती, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवती फिल्मी अंदाज में ‘गब्बर’ के बजाय अपने ‘वीरू’ (प्रेमी) के लिए हाईटेंशन बिजली के पोल पर जा चढ़ी। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के बैरकडीह गांव के पास हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देख ग्रामीणों की रूह कांप गई। युवती की बस एक ही जिद थी— ‘मेरी शादी मेरे प्रेमी से कराओ, वरना जान दे दूंगी।’

प्यार, तकरार और जेल: तीन महीने पुरानी है दास्तां

पूरा मामला आज़मगढ़ और जौनपुर की सीमा से जुड़ा है। युवती का प्रेम संबंध आज़मगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव के एक युवक से पिछले काफी समय से चल रहा है। करीब तीन महीने पहले जब परिजनों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने कड़ा विरोध किया। इसके बाद जनवरी में युवती प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद किया और परिजनों की तहरीर पर प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था।

प्रेमी के जेल से छूटते ही फिर जागी ‘शादी की जिद’

हाल ही में जब युवती को खबर मिली कि उसका प्रेमी जमानत पर जेल से बाहर आ गया है, तो उसकी शादी की जिद दोबारा शुरू हो गई। परिजनों ने ‘अलग समुदाय’ (Inter-religion/caste) का हवाला देते हुए इस शादी से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की बेरुखी से आहत होकर युवती गांव के बाहर स्थित हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़ गई। युवती को इतनी ऊंचाई पर देख मौके पर सैकड़ों लोगों का मजमा लग गया और तत्काल बिजली विभाग व पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही शाहगंज प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवती बिजली के तारों के बेहद करीब थी, जिससे उसकी जान को बड़ा खतरा था। पुलिस ने काफी देर तक नीचे से ही उसे समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उसकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और थाने ले आई।

दोनों बालिग, अब कानूनी दांवपेच पर टिकी नजर

प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेमी और प्रेमिका दोनों बालिग हैं। फिलहाल परिजनों से भी बात की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। फिलहाल इलाके में इस साहसी लेकिन खतरनाक कदम की चर्चा हर जुबान पर है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

11 − = 1
Powered by MathCaptcha