हापुड़ में नेता के घर से 55 एलपीजी सिलेंडर बरामद, गैस संकट के बीच जमाखोरी का भंडाफोड़

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रशासन ने अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एक तरफ जहां मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण आम जनता एलपीजी (LPG) के एक-एक सिलेंडर के लिए लाइन में खड़ी है, वहीं हापुड़ में एक स्थानीय नेता के घर के भीतर गैस सिलेंडरों का ‘खजाना’ मिला है। प्रशासन ने नेता अब्दुल रेहान के आवास पर छापेमारी कर 55 भरे हुए सिलेंडर जब्त किए हैं।

रसोई गैस की किल्लत के बीच ‘भारी जखीरा’ देख अधिकारी भी हैरान

पिछले कई दिनों से हापुड़ प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि जिले में गैस की कृत्रिम कमी पैदा की जा रही है। सूचना मिली कि कुछ प्रभावशाली लोग संकट का फायदा उठाकर सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर जब टीम ने अब्दुल रेहान के घर पर दबिश दी, तो नजारा चौंकाने वाला था। घर के स्टोर रूम और कोनों में सिलेंडरों का अंबार लगा था। अधिकारियों ने तत्काल सभी 55 सिलेंडरों को अपने कब्जे में लेकर संबंधित विभाग को सौंप दिया है।

आम जनता में भारी रोष: “हमें लाइन, उन्हें घर बैठे सप्लाई”

इस छापेमारी की खबर जैसे ही फैली, स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसियों के चक्कर काटने और हफ्तों इंतजार करने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटा दिया जाता है, जबकि नेताओं और रसूखदारों के घरों में सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी तरह की जमाखोरी की वजह से बाजार में सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

गैस एजेंसियों का रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस, दर्ज हुआ मुकदमा

प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर एक ही पते पर कैसे पहुंचे? अधिकारियों ने गैस एजेंसियों के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि पता चल सके कि ये सिलेंडर किन नामों पर बुक किए गए थे और वितरण की चेन में कहां सेंधमारी हुई।

  • कानूनी कार्रवाई: हापुड़ देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि आरोपी अब्दुल रेहान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

  • जमानत और जांच: चूंकि इस मामले में सजा का प्रावधान 7 साल से कम है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को फिलहाल थाने से जमानत मिल गई है, लेकिन पुलिस जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी।

प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार, संकट के समय जनता के हक पर डाका डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

19 − = 15
Powered by MathCaptcha