सिद्धार्थनगर। जनपद के शोहरतगढ़ क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। अंतिम संस्कार के लिए अयोध्या जा रही एक बस सड़क किनारे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे अयोध्या
जानकारी के मुताबिक, शोहरतगढ़ क्षेत्र के लखनपारा गांव निवासी राम नरेश के निधन के बाद उनके परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार की रस्म के लिए एक बस से अयोध्या जा रहे थे। अभी बस गांव के बाहर मोड़ पर ही पहुंची थी कि सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को साइड देने के चक्कर में बस का ऊपरी हिस्सा सड़क किनारे नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार से छू गया।
बस में दौड़ा करंट, मौके पर हुई मौत
जैसे ही बस बिजली के तार के संपर्क में आई, पूरी बस में करंट फैल गया। बस के अंदर बैठे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में श्याम सुंदर नाम के बुजुर्ग की करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बस में सवार बुद्धि सागर, जगदीश साहनी और राम अजोर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रशासन ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम विवेकानंद मिश्र मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के कड़े निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत देने का भी ऐलान किया है। एसडीएम ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे तार काफी नीचे लटक रहे थे, जिसकी शिकायत कई बार की गई थी लेकिन विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसी लापरवाही ने आज एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।











