प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा में बड़ा एक्शन…सपा नेता समेत 7 पर FIR, जानिए अब तक क्या-क्या हुआ

प्रयागराज: संगम नगरी के फाफामऊ इलाके में सोमवार की दोपहर चीख-पुकार और दहशत लेकर आई। चंदापुर गांव स्थित ‘आदर्श कोल्ड स्टोरेज’ की तीन मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। मलबे के ढेर और अमोनिया गैस के दमघोंटू रिसाव के बीच अब तक 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में पूर्व मंत्री और सपा नेता अंसार अहमद ऊर्फ पहलवान समेत 7 नामजद लोगों के खिलाफ हत्या जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दोपहर 1:30 बजे जोरदार धमाका और फिर मलबे का ढेर

हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते कोल्ड स्टोरेज की छत और दीवारें भरभरा कर गिर पड़ीं। मलबे के गिरते ही अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसकी बदबू एक किलोमीटर के दायरे में फैल गई। स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि लंच टाइम होने की वजह से कई मजदूर बिल्डिंग से बाहर थे, वरना मौतों का आंकड़ा और भी भयावह हो सकता था।

NDRF और SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन: मलबे से निकाली गईं लाशें

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार और डीएम मनीष वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मास्क पहनकर गैस रिसाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाया गया, जिसमें से 4 मजदूरों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल 14 मजदूरों का इलाज एसआरएन (SRN) और बेली अस्पताल में चल रहा है।

पूर्व मंत्री अंसार अहमद पहलवान समेत 11 पर केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए फाफामऊ थाने में एफआईआर दर्ज की है। पूर्व मंत्री अंसार अहमद, उनके बेटे, मैनेजर उस्मान, मोहम्मद असलम बाबा, अलावदीन, जावेद और मोहम्मद इरफान समेत 7 नामजद और 5 अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या व अन्य 6 गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इमारत जर्जर थी और क्या मानक के विपरीत वहां रसायनों का भंडारण किया जा रहा था।

सीएम योगी ने जताया दुख, मुआवजे का मरहम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंस और सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर दोषियों की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

− 2 = 4
Powered by MathCaptcha