युद्ध के मुहाने पर दुनिया: तेल संकट से कई देशों में लगा ‘एनर्जी लॉकडाउन’, जानें भारत में क्या हैं हालात?

नई दिल्ली/वॉशिंगटन। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी भीषण जंग ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। युद्ध की आग ने ग्लोबल सप्लाई चेन को इस कदर झुलसाया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। आलम यह है कि दुनिया के कई देशों में ‘एनर्जी लॉकडाउन’ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत के चलते कहीं दफ्तरों में ताले लटक रहे हैं, तो कहीं गाड़ियों के लिए ऑड-ईवन का सहारा लिया जा रहा है।

पाकिस्तान में हालात बेकाबू: 4 दिन का वर्किंग वीक और स्कूलों में छुट्टियां

ईरान युद्ध के चलते पाकिस्तान में तेल संकट गहरा गया है। शहबाज सरकार ने स्थिति को संभालने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। 9 मार्च से ही वहां वर्क-फ्रॉम-होम (WFH) लागू कर दिया गया है। सरकारी दफ्तरों को हफ्ते में सिर्फ चार दिन खोलने का फैसला लिया गया है, जिसमें 50 फीसदी कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश हैं। इतना ही नहीं, स्कूलों में दो हफ्ते की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं और कॉलेज-यूनिवर्सिटी को पूरी तरह ऑनलाइन मोड पर शिफ्ट कर दिया गया है।

श्रीलंका में ‘नेशनल फ्यूल पास’ की वापसी, म्यांमार में ऑड-ईवन का पहरा

आर्थिक बदहाली से जूझ रहे श्रीलंका में तेल संकट ने एक बार फिर क्यूआर कोड (QR Code) सिस्टम की वापसी करा दी है। यहां हर बुधवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। निजी वाहनों के लिए हर हफ्ते मात्र 15 लीटर तेल की सीमा तय कर दी गई है। वहीं, म्यांमार में 7 मार्च 2026 से ही ईंधन बचाने के लिए ‘ऑड-ईवन’ नियम लागू है। म्यांमार सरकार अब देश में पूर्ण लॉकडाउन लगाने पर भी विचार कर रही है ताकि तेल की खपत को न्यूनतम स्तर पर लाया जा सके।

बांग्लादेश और फिलीपींस में बिजली कटौती और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें

बांग्लादेश में पेट्रोल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद पंपों पर घंटों लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बिजली की भारी कटौती ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी तरह, फिलीपींस में सरकारी दफ्तरों को सिर्फ 4 दिन चलाया जा रहा है और गैर-जरूरी यात्राओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। वियतनाम ने भी अपने नागरिकों से वर्क-फ्रॉम-होम अपनाने का आग्रह किया है ताकि फ्यूल की बचत की जा सके।

भारत में क्या है स्थिति? पीएम मोदी ने दिया भरोसा

पड़ोसी देशों में मचे हाहाकार के बीच भारत में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में तेल और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। हाल ही में मुख्यमंत्रियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ किया कि भारत में लॉकडाउन लगाने का कोई विचार नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि हमें टीम इंडिया की तरह मिलकर इस संकट का सामना करना होगा और जिस तरह हमने कोविड-19 को मात दी थी, वैसे ही इस ऊर्जा संकट से भी पार पाना होगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment