असम चुनाव: बीजेपी का घोषणापत्र जारी, 5 लाख करोड़ निवेश और ‘जमीन जिहाद’ पर रोक का वादा….जानें 10 बड़ी बातें

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणापत्र ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में गुवाहाटी स्थित पार्टी कार्यालय में इसका विमोचन किया। भाजपा ने ‘सुरक्षित असम, विकसित असम’ के नारे के साथ राज्य की जनता के सामने विकास और सुरक्षा का एक बड़ा खाका पेश किया है।

निवेश और रोजगार का मेगा प्लान: 5 लाख करोड़ और 2 लाख नौकरियां

घोषणापत्र में भाजपा ने सत्ता में वापसी पर असम में 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। युवाओं को साधने के लिए अगले पांच वर्षों में 2 लाख सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार देने का वादा किया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि पिछले दशक में राज्य की जीडीपी तीन गुना बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय ₹1.03 लाख से बढ़कर ₹1.59 लाख तक पहुंच गई है।

‘जमीन जिहाद’ और ‘लव जिहाद’ पर कड़ा प्रहार

असम की जनसांख्यिकी और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संकल्प पत्र में ‘जमीन जिहाद’ पर सख्त रोक लगाने का वादा किया गया है। पार्टी ने कहा है कि भूमि से जुड़े अवैध कब्जों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और स्वदेशी लोगों के भूमि अधिकारों की रक्षा की जाएगी। इसके साथ ही ‘लव जिहाद’ के खिलाफ भी सख्त कानून लाने का आश्वासन दिया गया है।

समान नागरिक संहिता (UCC) और जनजातीय सुरक्षा

भाजपा ने असम में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का बड़ा दांव खेला है। हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट किया है कि ‘छठी अनुसूची’ (Sixth Schedule) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों और अनुसूचित जनजाति समुदायों को इसके दायरे से बाहर रखा जाएगा, ताकि उनकी सांस्कृतिक स्वायत्तता बरकरार रहे।

बाढ़ मुक्त असम के लिए ₹18,000 करोड़ का बजट

असम की सबसे बड़ी समस्या ‘बाढ़’ को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के पहले दो वर्षों में ही 18,000 करोड़ रुपये खर्च कर असम को बाढ़ मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा, ब्रह्मपुत्र नदी पर कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 5 नए पुलों का निर्माण कार्य तेज किया जाएगा।

‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ का विजन

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भाजपा ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज, वन यूनिवर्सिटी और वन इंजीनियरिंग कॉलेज’ की योजना को दोहराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ऐसा इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है जिससे असम की प्रतिभाएं जो बाहर गई हैं, वे वापस लौट सकें।

जनता के 2.45 लाख सुझावों से बना ‘संकल्प’

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि यह घोषणापत्र महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि असम की जनता की आवाज है। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया के अनुसार, करीब 2.45 लाख सुझावों को शामिल कर यह संकल्प पत्र तैयार किया गया है।

चुनाव कार्यक्रम: असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि चुनावी नतीजों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment