लखनऊ में इंसानियत शर्मसार: बारिश से बचने रुकी 13 साल की मासूम से दरिंदगी, हाथ-पैर बांधकर किया गैंगरेप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके से एक ऐसी रूहकपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार की रात एक 13 साल की मासूम बच्ची, जो अपनी बीमार मां का हाथ बंटाने के लिए काम पर गई थी, हैवानियत का शिकार हो गई। आंधी और बारिश से बचने के लिए एक निर्माणाधीन मकान का सहारा लेना उस बच्ची के लिए जिंदगी का सबसे बुरा सपना बन गया।

मां की जगह काम पर गई थी मासूम

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोरी मूल रूप से कन्नौज की रहने वाली है और फिलहाल अपने परिवार के साथ आशियाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। उसके पिता राजमिस्त्री हैं और मां घरों में साफ-सफाई का काम करती हैं। मंगलवार को मां की तबीयत खराब होने के कारण, यह बहादुर बेटी खुद काम पर गई थी ताकि परिवार की मदद हो सके। रात करीब 8:30 बजे काम खत्म कर घर लौटते समय अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए वह रास्ते में एक निर्माणाधीन मकान में रुक गई।

बंधक बनाकर पांचों ने ढाया कहर

मासूम को अकेला देख 17 साल का एक नाबालिग आरोपी अपने चार दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि इन दरिंदों ने बच्ची को बंधक बना लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और मुख्य आरोपी ने दरिंदगी को अंजाम दिया, जिसमें उसके दोस्तों ने भी साथ दिया। जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं पहुंची, तो परेशान परिजन उसकी तलाश में निकले।

परिजनों ने रंगेहाथ पकड़ा, छत से कूदे आरोपी

तलाश के दौरान परिजनों को निर्माणाधीन मकान से कुछ आवाजें सुनाई दीं। जब वे अंदर पहुंचे तो नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची बेसुध हालत में पड़ी थी और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। परिजनों को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगे। भागने की हड़बड़ी में दो आरोपी छत से कूद गए, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। शोर सुनकर स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए और घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया गया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाली कमान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सभी पांचों युवकों को हिरासत में ले लिया है। घायल आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है और बच्ची को गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस की कार्रवाई और बयान

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ में बच्ची ने बताया कि वह मुख्य आरोपी को पहले से जानती थी। आशियाना थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गहनता से जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment