मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार की सुबह सरेराह एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया और असलहा लहराते हुए फरार हो गए। इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जिले की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
सीने में सटाकर मारी गोली, मौके पर ही थमी सांसें
घटना कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पूरा, सद्भावना नगर की है। जानकारी के अनुसार, राजीव सिंह नाम के एक वकील शनिवार सुबह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। अभी वह रास्ते में ही थे कि अचानक बाइक सवार हमलावर उनके पास पहुंचे। वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि सफेद लिबास पहने एक हमलावर बाइक से उतरता है और राजीव सिंह के पास जाकर उनके सीने पर देसी कट्टा सटा देता है। पलक झपकते ही उसने गोली चला दी, जिससे राजीव सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक स्टार्ट करने में पसीने छूटे, फिर बंदूक दिखाकर भागे
मर्डर करने के बाद हत्यारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन यहां एक अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। हत्यारे का साथी पहले से बाइक स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह नाकाम रहा। इसके बाद मुख्य हत्यारा खुद भागकर बाइक पर बैठा और किक मारकर गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश करने लगा। इस बीच गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बदमाशों ने उनकी तरफ बंदूक तान दी और उन्हें डराकर पीछे धकेल दिया। काफी मशक्कत के बाद जैसे-तैसे बाइक स्टार्ट हुई और हमलावर वहां से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका, जांच तेज
दिनदहाड़े वकील की हत्या की खबर मिलते ही शहर में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अपर्णा रजत कौशिक और अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त और उनकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हैं।
वकीलों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
वकील राजीव सिंह की हत्या के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।










