इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना : बेटी की मौत के बाद 6 महीने तक घर में रखा शव, परफ्यूम छिड़ककर छिपाता रहा राज

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। सदर बाजार के तेली मोहल्ला में एक पिता ने इंसानियत और रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी 32 वर्षीय बेटी की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार नहीं किया, बल्कि करीब 6 महीने तक शव को घर के अंदर ही छिपाए रखा। जब लाश सड़ने लगी और बदबू आने लगी, तो आरोपी पिता उस पर परफ्यूम और रूम फ्रेशनर छिड़कता रहा। अब घर के अंदर से बेटी का केवल कंकाल बरामद हुआ है।

दशहरे पर हुई थी मौत, दिसंबर तक लाश के साथ रहा पिता

जांच में सामने आया है कि शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त आरोपी उदय भानू विश्वास की अविवाहित बेटी प्रियंका की मौत अक्टूबर 2025 में दशहरे के आसपास हुई थी। अपनी बेटी के शव को ठिकाने लगाने के बजाय, उदय भानू उसे बिस्तर पर लिटाकर उसके साथ ही रहने लगा। जब दिसंबर के आसपास शव से असहनीय दुर्गंध आने लगी, तो वह दिन में कई बार लाश पर परफ्यूम छिड़कता ताकि पड़ोसियों को शक न हो। 25 दिसंबर के बाद जब लाश पूरी तरह सूखकर कंकाल बनने लगी, तो वह मकान में ताला लगाकर देहरादून फरार हो गया।

चाय की दुकान पर पकड़ी गई ‘झूठ की पोटली’

इस खौफनाक राज का पर्दाफाश शुक्रवार को फिल्मी अंदाज में हुआ। आरोपी पिता देहरादून में रिक्शा चलाकर गुजारा कर रहा था, लेकिन शुक्रवार को वह मेरठ के बेगमबाग इलाके में एक चाय की दुकान पर कुछ रिक्शा चालकों के साथ बैठा दिखा। रिश्तेदारों ने उसे पहचान लिया और प्रियंका के बारे में पूछा। उदय भानू ने झूठ बोला कि “उसका इलाज देहरादून के अस्पताल में चल रहा है।” शक होने पर परिजन उसे पकड़कर जबरन घर ले गए और ताला खुलवाया। अंदर का नजारा देखते ही लोगों की चीख निकल गई—बिस्तर पर सिर्फ हड्डियों का ढांचा (कंकाल) पड़ा था।

तंत्र-मंत्र या सनक? पुलिस तलाश रही जवाब

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस को शक है कि इस पूरे मामले के पीछे तंत्र-मंत्र या कोई तांत्रिक क्रिया हो सकती है, क्योंकि कोई भी सामान्य व्यक्ति महीनों तक लाश के साथ नहीं रह सकता। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पिता की मानसिक स्थिति ठीक है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। शव (कंकाल) को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रियंका की मौत प्राकृतिक थी या उसकी हत्या की गई थी। मोहल्ले के लोग इस बात से हैरान हैं कि उनके पड़ोस में महीनों तक एक लाश सड़ती रही और उन्हें भनक तक नहीं लगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment