लखनऊ: महिला आरक्षण बिल को लेकर छिड़ा सियासी घमासान अब सड़कों पर आ गया है। संसद में बिल के अटकने और विपक्ष के कड़े रुख के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर्चा संभाल लिया है। आज राजधानी लखनऊ में सीएम योगी की अगुवाई में एक विशाल ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली गई, जिसने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री ने न केवल पैदल मार्च किया, बल्कि विपक्ष को ‘महिला विरोधी’ करार देते हुए तीखा हमला भी बोला।
सीएम आवास से विधान भवन तक शक्ति प्रदर्शन
शुक्रवार सुबह 5 कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास का नजारा बदला हुआ था। भारी संख्या में जुटी महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने पदयात्रा शुरू की। यह पदयात्रा हजरतगंज होते हुए विधान भवन तक पहुंची। इस दौरान सीएम योगी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। लखनऊ की सड़कों पर निकली इस पदयात्रा को विपक्ष के खिलाफ एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
“सपा-कांग्रेस का चेहरा अलोकतांत्रिक और महिला विरोधी”
पदयात्रा के समापन पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ का रुख बेहद हमलावर रहा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन दलों का चरित्र हमेशा से महिला विरोधी रहा है। सीएम ने कहा, “कांग्रेस हो या सपा, इनका चेहरा अलोकतांत्रिक है। पीएम मोदी ने इन्हें अपनी महिला विरोधी छवि सुधारने का मौका दिया था, लेकिन इन्होंने उसका दुरुपयोग किया। आज देश की आधी आबादी इनके आचरण के खिलाफ सड़कों पर है।” योगी ने साफ तौर पर कहा कि देश में केवल चार प्रमुख जातियां हैं—महिला, गरीब, युवा और किसान—और सरकार इन्हीं के उत्थान के लिए समर्पित है।
लखनऊ में आयोजित 'जन आक्रोश महिला पदयात्रा' में… https://t.co/PRaCFx2oGS
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 21, 2026
2029 में आरक्षण लागू करने के विजन पर अड़ी सरकार
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि साल 2029 तक महिला आरक्षण बिल पूरी तरह प्रभावी हो जाए। उन्होंने कहा कि आज का यह आक्रोश मार्च सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके की उन नीतियों के खिलाफ है जो महिलाओं को उनका हक मिलने से रोक रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह केंद्र में मोदी सरकार और यूपी में ‘डबल इंजन’ की सरकार महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, विपक्ष उसे पचा नहीं पा रहा है।
विपक्ष मोदी विरोध में अंधा हो चुका है: पंकज चौधरी
इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल से किसी वर्ग का नुकसान नहीं होने वाला था, बल्कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में उचित प्रतिनिधित्व मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सिर्फ मोदी विरोध की राजनीति के कारण देश के विकास और महिलाओं के अधिकारों में रोड़ा अटका रहा है। चौधरी ने कहा कि विपक्ष अंधा हो चुका है, इसलिए उन्हें सरकार की हर अच्छी पहल में भी खामी नजर आती है।















