मुंबई: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और बहरामपुर से सांसद युसूफ पठान के परिवार से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। मुंबई पुलिस ने युसूफ पठान के ससुर, साले और एक अन्य रिश्तेदार को मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामूली सा विवाद इतना बढ़ा कि बात डंडेबाजी और गंभीर चोट पहुंचाने तक जा पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने यह सख्त कार्रवाई की है।
मामूली बात पर भड़का विवाद: कार से पानी उछलना बना वजह
यह पूरी घटना शनिवार (18 अप्रैल) रात करीब 9 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी यूसुफ खान (30) अपनी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में सड़क पर पानी से भरा एक गड्ढा था, जिससे उनकी कार गुजरी तो पानी की कुछ बूंदें वहां खड़े शोएब खान (35) पर गिर गईं। बता दें कि शोएब खान पूर्व क्रिकेटर युसूफ पठान के साले हैं।

माफी मांगने के बावजूद हुई मारपीट और तोड़फोड़
पीड़ित यूसुफ खान का आरोप है कि पानी उछलने के बाद उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकी और शालीनता से माफी भी मांगी। लेकिन शोएब खान इस कदर आगबबूला थे कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि शोएब ने बांस के डंडे से यूसुफ खान की कार का शीशा तोड़ दिया और उनके साथ मारपीट की।
बीच रास्ते में दोबारा हमला, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
घटना के बाद जब यूसुफ खान अपने परिवार के साथ पुलिस स्टेशन जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें युसूफ पठान के ससुर खालिद खान मिल गए। आरोप है कि खालिद खान के साथ उनके बेटे उमरशाद खान, शोएब खान और शहबाज पठान भी मौजूद थे। वहां एक बार फिर विवाद हुआ और इन सभी ने मिलकर यूसुफ पर दोबारा जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सरेआम मारपीट और हंगामा साफ देखा जा सकता है।
2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई की बायकुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने क्रिकेटर के ससुर खालिद खान, साले उमरशाद खान और शोएब खान को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, चौथा आरोपी शहबाज पठान फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों पर गंभीर चोट पहुंचाने और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को 2 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।















