गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से इस वक्त एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेहद करीबी माने जाने वाले भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह को अज्ञात हमलावरों ने देर रात गोली मार दी। इस हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के पीछे ‘चुनावी रंजिश’ की आशंका जताई जा रही है, जिसने जिले की राजनीतिक सरगर्मी को तेज कर दिया है।
स्कॉर्पियो में बैठते ही ताबड़तोड़ फायरिंग
यह वारदात परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास ग्राम पंचायत के गजराज पुरवा की है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार (20 अप्रैल) की रात करीब 10 बजे भूपेंद्र सिंह अपने घर के बाहर खड़ी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। फायरिंग की आवाज सुनकर जब तक परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
KGMU में ऑपरेशन: पेट के अंदर फंसी है गोली
गोली लगने से लहूलुहान भूपेंद्र सिंह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया, जहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर गंभीर स्थिति देखते हुए लखनऊ के KGMU (ट्रॉमा सेंटर) रेफर कर दिया गया। मंगलवार सुबह डॉक्टरों की एक टीम ने उनका ऑपरेशन किया। डॉक्टरों ने पेट से गोली के छर्रे तो निकाल लिए हैं, लेकिन मुख्य गोली अभी भी पेट के अंदर ही फंसी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि गोली को तुरंत निकालना अंगों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। राहत की बात यह है कि फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि हैं भूपेंद्र
भूपेंद्र सिंह की पत्नी अनामिका सिंह परसपुर पंचम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य हैं। भूपेंद्र खुद जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि होने के साथ-साथ आने वाले प्रधानी चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे थे। सूत्रों की मानें तो उनकी राजनीतिक सक्रियता और बढ़ता कद कुछ लोगों को खटक रहा था। परिजनों ने इसे स्पष्ट तौर पर चुनावी रंजिश का मामला बताया है।
पुलिस की रडार पर हमलावर, टीमों का गठन
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद और चुनावी रंजिश का लग रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।












