महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा और एक्टर फरमान की शादी में नया मोड़, नाबालिग होने का दावा और प्रेगनेंसी की खबरों ने मचाया बवाल

मुंबई/इंदौर। प्रयागराज महाकुंभ से रातों-रात सोशल मीडिया सेंसेशन बनीं ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा भोसले इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़े विवादों में घिर गई हैं। अभिनेता फरमान खान के साथ उनकी शादी की खबरों ने अब कानूनी और पारिवारिक लड़ाई का रूप ले लिया है। एक तरफ जहां फरमान के साथ उनकी शादी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मोनालिसा के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसे फिल्म बनाने के नाम पर बहला-फुसलाकर अगवा किया गया है।

मां-बाप का छलका दर्द: ‘फिल्म बनाने के बहाने ले गए और बेटी को छीन लिया’

मोनालिसा की मां ने मीडिया के सामने हाथ जोड़कर अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “हम अनपढ़ लोग हैं, हमें जरा भी अंदाजा नहीं था कि हमारी मासूम बेटी के साथ ऐसा होगा। उसे फिल्म बनाने का झांसा देकर ले जाया गया। उसके पापा साथ रहते थे, लेकिन उन्हें भी धक्का देकर हटा दिया गया और मेरी बेटी को ले गए। आज डेढ़ महीना बीत चुका है, हम सरकार से बस यही गुहार लगाते हैं कि हमारी बेटी को वापस ले आओ।” पिता ने भी रोते हुए कहा कि उन्हें बेवकूफ बनाया गया है और उनकी बेटी को जबरन केरल में रखा गया है।

नाबालिग होने का दावा और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कार्रवाई

इस मामले में कानूनी पेच तब फंस गया जब मोनालिसा के परिवार ने उनके नाबालिग होने के सबूत पेश किए। वकील प्रथम दुबे ने दावा किया कि महेश्वर नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र के अनुसार मोनालिसा अभी नाबालिग है। परिवार की शिकायत के बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने इस मामले का संज्ञान लिया है। फिलहाल एक्टर फरमान खान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO) के तहत मामला दर्ज है और पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही है।

क्या प्रेग्नेंट हैं मोनालिसा? मेडिकल टेस्ट से खुलेगा राज

इस हाई-प्रोफाइल ड्रामा में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब मध्य प्रदेश पुलिस जांच के लिए कोच्चि (केरल) पहुंची। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब पुलिस ने मोनालिसा को बयान दर्ज कराने के लिए पेश होने को कहा, तो फरमान खान ने दावा किया कि मोनालिसा गर्भवती (Pregnant) हैं। फरमान का कहना है कि स्वास्थ्य कारणों और प्रेगनेंसी की वजह से वह यात्रा नहीं कर सकतीं और न ही पूछताछ के लिए हाजिर हो सकती हैं। अब पुलिस मेडिकल बोर्ड के जरिए इस दावे की सच्चाई का पता लगाएगी।

केरल पुलिस और आयोग की जांच के बीच फंसा मामला

वकील का आरोप है कि केरल पुलिस इस मामले में ढिलाई बरत रही है। उनका कहना है कि केरल के डीजीपी का यह दावा कि उन्हें लड़की के नाबालिग होने की जानकारी नहीं थी, गलत है क्योंकि आयोग की रिपोर्ट में इसका स्पष्ट जिक्र है। अब सारा मामला मेडिकल रिपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र के सत्यापन पर टिका है। अगर मेडिकल टेस्ट में प्रेगनेंसी की बात गलत निकलती है या उम्र के दस्तावेजों में हेरफेर पाया जाता है, तो एक्टर फरमान खान की मुश्किलें काफी बढ़ सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment