ट्रंप पर हमले की कोशिश: व्हाइट हाउस डिनर में अंधाधुंध फायरिंग, हाथ में शॉटगन थामे शूटर की पहली तस्वीर आई सामन

वॉशिंगटन DC: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर बड़े हमले का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं। वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में आयोजित ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ के दौरान उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक हमलावर ने सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मंच पर मौजूद डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप को सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने फौरन कवर लिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद हमलावर की पहली तस्वीर सामने आ गई है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाली है।

कौन है ट्रंप का ‘जानी दुश्मन’ कोल टॉमस?

सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त में आए हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। वह कैलिफोर्निया का रहने वाला है और पेशे से एक मैकेनिकल इंजीनियर है। सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे जमीन पर दबोच रखा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हमलावर एक घातक ‘शॉटगन’ के साथ होटल के भीतर घुसने में कामयाब रहा। एफबीआई अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा और मेटल डिटेक्टर्स के बावजूद वह हथियार लेकर हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में कैसे दाखिल हुआ।

सीक्रेट सर्विस एजेंट के सीने पर लगी गोली

एफबीआई के मुताबिक, शूटर ने सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट को निशाना बनाकर बेहद करीब से गोली चलाई थी। गनीमत रही कि एजेंट ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के वक्त वहां उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कैबिनेट के कई दिग्गज मंत्री भी मौजूद थे। जैसे ही गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजी, सुरक्षाकर्मियों ने पूरे इलाके को सील कर दिया और मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोलीबारी के बाद पूरे हॉल में दहशत का माहौल था।

‘मौत को करीब से देखा’, ट्रंप ने बयां किया खौफनाक मंजर

इस हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने बहादुरी दिखाने वाले ऑफिसर की तारीफ की है। ट्रंप ने कहा, “एक जांबाज ऑफिसर को बहुत पास से गोली मारी गई। वह एक पावरफुल गन थी, लेकिन बुलेटप्रूफ वेस्ट ने चमत्कार कर दिया। ऑफिसर अब खतरे से बाहर है और उसका हौसला बुलंद है। हमने उसे बताया कि देश उससे कितना प्यार करता है।” घटना के सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि फायरिंग होते ही ट्रंप ने तुरंत अपना सिर झुका लिया और मेज के नीचे छिप गए, जिसके बाद सुरक्षा घेरे में उन्हें वहां से ले जाया गया।

सुरक्षा में बड़ी चूक या सोची-समझी साजिश?

कैलिफोर्निया के एक इंजीनियर का वॉशिंगटन आकर इस तरह हमले को अंजाम देना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है। शुरुआती जांच में हमलावर के मकसद का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन इसे एक सोची-समझी साजिश के तौर पर देखा जा रहा है। वॉशिंगटन पुलिस और एफबीआई की टीमें आरोपी कोल टॉमस से पूछताछ कर रही हैं। फिलहाल पूरे वॉशिंगटन में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और हिल्टन होटल के आसपास सुरक्षा और कड़ी कर दी गई .

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment