अम्बेडकर नगर: उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जिस महिला पर अपने ही चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप था, अब उस महिला की लाश भी बरामद हो गई है। रविवार शाम को महिला का शव घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक नाले में मिला। पुलिस ने मृतका के पति को फोटो भेजकर शव की शिनाख्त कर ली है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और कई सवाल खड़े हो गए हैं।
शनिवार को हुई थी चार मासूमों की हत्या, गायब थी मां
मामला अकबरपुर के मुरादाबाद मोहल्ले का है। महरुआ कसड़ा के रहने वाले नियाज अहमद सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी गासिया खातून अपने चार बच्चों—सफीक, सउफ, उमर और बेटी बयान बानो उर्फ सादिया के साथ यहां रहती थी। शनिवार को बंद कमरे में इन चारों बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया था। घटना के बाद से ही बच्चों की मां गासिया खातून लापता थी, जिसके बाद पुलिस को संदेह था कि वह बच्चों की हत्या कर फरार हो गई है।
नाले में मिली लाश: खुदकुशी या गहरी साजिश?
फरार महिला की तलाश में जुटी पुलिस टीमों को रविवार शाम को बड़ी सफलता मिली, जब महिला का शव घर के पास के एक नाले में पड़ा मिला। पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्राची सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने सऊदी में रह रहे पति नियाज अहमद को व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस की जांच: पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी गुत्थी
एसपी प्राची सिंह के मुताबिक, अब पुलिस दो मुख्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला यह कि क्या महिला ने बच्चों की हत्या के बाद ग्लानि में आकर खुदकुशी कर ली? या फिर इस पूरे मामले के पीछे कोई गहरी साजिश है और महिला की भी हत्या की गई है? एसपी ने स्पष्ट किया है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।









