चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने न केवल राजनीति के गलियारे, बल्कि सिनेमा जगत में भी हलचल पैदा कर दी है। थलापति विजय की पार्टी ‘तमिझगा वेत्री कड़गम’ (TVK) की प्रचंड जीत के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा उनकी कथित करीबी दोस्त और मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन की हो रही है। इस समय सोशल मीडिया पर तृषा का एक दशक पुराना इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देख लोग कह रहे हैं कि अभिनेत्री ने अपनी किस्मत बहुत पहले ही लिख दी थी।
तृषा का ‘मेनिफेस्टेशन’ पावर: 2004 में ही देख लिया था सपना
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो सन टीवी के एक पुराने शो का है, जो करीब 22 साल पुराना (2004) बताया जा रहा है। इस इंटरव्यू में जब होस्ट ने तृषा से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा, तो उन्होंने बेहद आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया— “मुझे मुख्यमंत्री बनना है।”
जब उनसे पूछा गया कि यह कैसे संभव होगा, तो तृषा ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं सच कह रही हूं, आप बस देखते रहिए, चाहे इसमें 10 साल लगें या 15 साल, मैं आपको यह करके दिखाऊंगी।” आज विजय की जीत के बाद इस वीडियो को तृषा की ‘मेनिफेस्टेशन पावर’ से जोड़कर देखा जा रहा है। यूजर्स का कहना है कि 24 घंटे में एक बार जुबान पर सरस्वती बैठती हैं और तृषा के मामले में यह सच साबित होता दिख रहा है।
विजय की जीत और तृषा का जन्मदिन: महज इत्तेफाक या कुछ और?
इस बार तमिलनाडु के चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित हुए, जो संयोगवश तृषा कृष्णन का जन्मदिन भी था। विजय की पार्टी की जीत और तृषा के जन्मदिन का एक ही दिन होना प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सोशल मीडिया पर मीम्स बना रहे हैं कि विजय ने अपनी जीत से तृषा को सबसे बड़ा ‘बर्थडे गिफ्ट’ दिया है। चुनावी रुझान आने के बाद तृषा को मंदिर में दर्शन करते और फिर विजय को बधाई देने उनके घर पहुंचते भी देखा गया, जिसने अफवाहों के बाजार को और गर्म कर दिया है।
जयाललिता से हो रही है तुलना, क्या बनेंगी डिप्टी सीएम?
इंटरव्यू वायरल होने के बाद फैंस तृषा की तुलना तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री और दिग्गज अभिनेत्री जयललिता से कर रहे हैं। ट्विटर पर ‘छोटा डॉन’ नामक हैंडल से वीडियो शेयर होने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने लिखा, “क्या वह तमिलनाडु की अगली जयाललिता बनने की राह पर हैं?” वहीं, विजय और तृषा की कथित नजदीकियों को देखते हुए लोग कयास लगा रहे हैं कि क्या तृषा को नई सरकार में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी मिल सकती है।
पर्सनल लाइफ और विजय-संगीता के बीच अनबन की चर्चा
विजय की राजनीतिक सफलता के साथ उनकी निजी जिंदगी भी सुर्खियों में है। विजय की पत्नी संगीता के साथ उनके अनबन की खबरें पिछले साल से ही चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगीता ने विजय पर किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए तलाक की अर्जी दी थी। हालांकि विजय और तृषा ने अपने रिश्तों पर हमेशा चुप्पी साधी है, लेकिन पब्लिक अपीयरेंस और हालिया घटनाक्रमों ने इन चर्चाओं को फिर से हवा दे दी है।












