बेवफाई का बदला या खौफनाक साजिश? रांची पुलिस ने किया कमलेश हत्याकांड का खुलासा; प्रेमिका ने पति संग मिलकर रची थी मौत की पटकथा

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर मिले क्षत-विक्षत शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला महज एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि ‘इश्क, धोखे और इंतकाम’ की एक ऐसी खौफनाक दास्तां निकली जिसने पुलिस अफसरों को भी चौंका दिया। नवादा (बिहार) के रहने वाले कमलेश कुमार की हत्या उसकी ही शादीशुदा प्रेमिका अंगिता देवी ने अपने पति और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर की थी।

शादी बनी मौत की वजह: प्रेमिका ने पति को ही बनाया ‘क्राइम पार्टनर’

पुलिस जांच के अनुसार, मृतक कमलेश कुमार का अनगड़ा के हाहे गांव की रहने वाली अंगिता देवी के साथ पिछले डेढ़ साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बीच कमलेश ने अपनी प्रेमिका को बताए बिना बिहार के नवादा में किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। जैसे ही अंगिता को कमलेश की ‘बेवफाई’ का पता चला, वह प्रतिशोध की आग में जल उठी।

अपने प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए अंगिता ने एक शातिराना चाल चली। उसने अपने पति शिवनाथ कुमार सिंह को यकीन दिलाया कि कमलेश उस पर बुरी नजर रखता है और उसे परेशान करता है। पत्नी की बात सुनकर शिवनाथ आगबबूला हो गया और अपनी पत्नी के साथ मिलकर कमलेश की हत्या की साजिश में शामिल हो गया। इस साजिश में उन्होंने शिवनाथ के सहयोगी ट्रक क्लीनर साहिल राजा को भी साथ लिया।

नशा दिया, हाथ-पैर तोड़े और फिर ट्रक से कुचला

साजिश के तहत अंगिता ने कमलेश को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया। वहां उसे नशीला पदार्थ देकर बेसुध कर दिया गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर कमलेश की बेरहमी से पिटाई की और उसके हाथ-पैर तोड़ दिए। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को स्कूटी पर लादकर हाईवे तक ले जाया गया। वहां से शव को एक हाइवा ट्रक में लोड कर टाटीसिलवे के मानकीढीपा रिंग रोड ले जाया गया।

घटना को हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने बर्बरता की हदें पार कर दीं। सुनसान जगह पर शव को फेंकने के बाद आरोपी पति शिवनाथ ने हाइवा ट्रक का पहिया कमलेश के शव पर चढ़ा दिया, ताकि पुलिस इसे भीषण सड़क दुर्घटना समझकर फाइल बंद कर दे।

3 मई को मिला था शव, FSL जांच ने खोला राज

बीते 3 मई को टाटीसिलवे पुलिस को सड़क किनारे एक बुरी तरह कुचला हुआ शव मिला था। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन में बनी विशेष टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों और एफएसएल (FSL) रिपोर्ट का मिलान किया, तो मामला हत्या का निकला। मृतक की पहचान कमलेश कुमार के रूप में हुई, जो रांची में एक आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करता था।

हथियार और वाहन बरामद, तीनों आरोपी जेल में

रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमिका अंगिता देवी, उसके पति शिवनाथ कुमार सिंह और सहयोगी साहिल राजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से:

  • हत्या में इस्तेमाल हाइवा ट्रक

  • शव ढोने वाली स्कूटी

  • तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपियों ने गुनाह कबूल कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment