कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत के बाद अब सबकी नजरें इस सवाल पर टिकी हैं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? राज्य में नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सियासी गलियारों से खबर है कि आगामी 8 मई, शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा विधायक दल की एक हाई-प्रोफाइल बैठक होने जा रही है। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद मौजूद रहेंगे और उन्हीं की मौजूदगी में बंगाल के नए ‘भाग्य विधाता’ यानी मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी।
ब्रिगेड परेड मैदान में सजेगा भव्य दरबार, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
बंगाल की सत्ता का हस्तांतरण बेहद खास होने वाला है। जानकारी के अनुसार, 9 मई, शनिवार को कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती के पावन अवसर पर नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान को चुना गया है। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के दिग्गज मंत्रियों के शामिल होने की पूरी संभावना है।
शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे, क्या फिर मिलेगा ‘जायंट किलर’ को इनाम?
मुख्यमंत्री की दौड़ में वैसे तो कई नाम तैर रहे हैं, लेकिन शुभेंदु अधिकारी का पलड़ा सबसे भारी नजर आ रहा है। शुभेंदु ने न केवल नंदीग्राम में अपना दबदबा कायम रखा, बल्कि ममता बनर्जी को उनकी पारंपरिक सीट भवानीपुर में 15,000 से अधिक वोटों से हराकर खुद को ‘जायंट किलर’ साबित कर दिया है। दिल्ली से लेकर कोलकाता तक, उनके नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है।
अमित शाह का वो ‘सीक्रेट क्राइटेरिया’, जिस पर टिकी है सबकी नजर
चुनाव के दौरान ही अमित शाह ने स्पष्ट कर दिया था कि बंगाल का मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिया था कि जो व्यक्ति बंगाल की धरती का बेटा हो, बंगाल में पढ़ा-लिखा हो, अच्छी बंगाली बोलता हो और भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता हो, वही सीएम की कुर्सी पर बैठेगा। इस पैमाने पर शुभेंदु अधिकारी पूरी तरह फिट बैठते हैं। हालांकि, रेस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल और सुकांत मजूमदार जैसे दिग्गज भी शामिल हैं।
महिला कार्ड खेल सकती है भाजपा? अग्निमित्रा और रूपा गांगुली की चर्चा तेज
राजनीतिक पंडितों का एक वर्ग यह भी मान रहा है कि भाजपा किसी महिला चेहरे को आगे कर चौंका सकती है। बंगाल में महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान किया है और एक महिला मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) को सत्ता से बेदखल किया गया है। ऐसे में महिला वोट बैंक को साधने और अगले साल यूपी, गुजरात जैसे राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए भाजपा अग्निमित्रा पॉल या रूपा गांगुली के नाम पर भी विचार कर सकती है। दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री का प्रयोग भाजपा के लिए पहले भी चर्चा का विषय रहा है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि 8 मई की शाम को अमित शाह किसके नाम की घोषणा करते हैं और 9 मई को बंगाल की कमान किसके हाथों में आती है।















