कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया इतिहास रचा गया है। भाजपा के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सत्ता की कमान संभाल ली है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित देश के तमाम दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इस पल को यादगार बना दिया। शुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में भवानीपुर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर एक बड़ी सियासी जीत दर्ज की थी।
मुख्यमंत्री योगी का खास तोहफा: पहनाया अपना ‘भगवा गमछा’
शपथ ग्रहण के बाद मंच पर एक बेहद दिलचस्प और भावुक नजारा देखने को मिला। जब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंच पर मौजूद सभी गणमान्य नेताओं से मुलाकात कर रहे थे, तब जैसे ही वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे, योगी जी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी ने अपना प्रसिद्ध ‘भगवा गमछा’ उतारकर शुभेंदु अधिकारी को पहनाया। राजनीति के गलियारों में योगी आदित्यनाथ द्वारा दिया गया यह उपहार एक विशेष ‘भगवा संदेश’ और नई सरकार के लिए बड़े समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
पीएम मोदी के छुए पैर, प्रधानमंत्री ने लगाया गले
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और झुककर उनके चरण स्पर्श किए। पीएम मोदी ने बड़े ही स्नेह के साथ उन्हें उठाकर गले लगाया और नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
नंदीग्राम से भवानीपुर तक: शुभेंदु का आध्यात्मिक और राजनीतिक सफर
शुभेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने का सफर काफी संघर्षपूर्ण और रोचक रहा है। पूर्व मेदिनीपुर के प्रभावशाली ‘अधिकारी परिवार’ में जन्मे शुभेंदु का झुकाव बचपन से ही आध्यात्मिकता की ओर था। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही सांसारिक मोह-माया और गृहस्थ जीवन से दूरी बनाने का कठिन फैसला लिया और अपना पूरा जीवन जनसेवा और राजनीति के लिए समर्पित कर दिया। नंदीग्राम के आंदोलनों से अपनी पहचान बनाने वाले शुभेंदु ने अब भवानीपुर फतह कर बंगाल की सत्ता के शीर्ष पर अपना स्थान बनाया है।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब
शपथ ग्रहण के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड को विशेष रूप से सजाया गया था। लाखों की संख्या में पहुंचे समर्थकों के बीच शुभेंदु ने जब शपथ ली, तो पूरा मैदान नारों से गूंज उठा। इस समारोह के जरिए भाजपा ने बंगाल में अपनी ताकत का अहसास कराया है। अब देखना यह होगा कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प किस तरह जमीन पर उतरता है।














