सीएम योगी का बड़ा फैसला: यूपी में मंत्रियों का काफिला होगा आधा, ‘नो व्हीकल डे’ और ‘वर्क फ्रॉम होम’ के लिए एडवाइजरी जारी

लखनऊ: वैश्विक आर्थिक उथल-पुथल और ईंधन की बढ़ती खपत को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में बड़े बदलावों का खाका खींच दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अमल करते हुए सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से सादगी अपनाने, स्वदेशी को बढ़ावा देने और संसाधनों की बचत करने की भावुक अपील की है। सरकार ने इसकी शुरुआत खुद से करते हुए मंत्रियों और अफसरों के काफिले में 50 फीसदी कटौती के निर्देश दिए हैं।

मंत्रियों के काफिले से हटेंगे वाहन, अफसरों की बैठकें होंगी वर्चुअल

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और डीजीपी समेत सभी आलाधिकारियों के साथ बैठक में स्पष्ट किया कि फिजूलखर्ची पर लगाम लगानी होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट में तत्काल प्रभाव से 50% वाहनों की कमी की जाए। साथ ही, सचिवालय और विभागों की 50% आंतरिक बैठकें अब भौतिक रूप से न होकर वर्चुअल माध्यम से होंगी, ताकि समय और ईंधन दोनों की बचत हो सके।

सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’, जनप्रतिनिधि करेंगे बस का सफर

पर्यावरण और अर्थव्यवस्था को संतुलित करने के लिए सीएम ने ‘नो व्हीकल डे’ का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने अपील की है कि मंत्री, सांसद, विधायक और सभी जनप्रतिनिधि सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) का उपयोग करें। स्कूलों और कॉलेजों में भी छात्रों को स्कूली बसों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम हो सके।

आईटी कंपनियों और स्टार्टअप्स में ‘वर्क फ्रॉम होम’ की वापसी

प्रदेश में नई कार्य संस्कृति को बढ़ावा देते हुए योगी सरकार ने औद्योगिक संस्थानों और बड़े स्टार्टअप्स को ‘वर्क फ्रॉम होम’ के लिए प्रेरित करने को कहा है। जिन संस्थानों में अधिक कर्मचारी हैं, वहां सप्ताह में दो दिन घर से काम करने की अनुशंसा के लिए राज्य स्तरीय एडवाइजरी जारी की जाएगी। कार्यालयों के समय में भी बदलाव (Staggered timings) किया जा सकता है ताकि पीक ऑवर में ट्रैफिक जाम और ईंधन की खपत कम हो।

शादी-ब्याह में विदेशी यात्राओं से बचें, यूपी की डेस्टिनेशन वेडिंग पर जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि अगले 6 महीनों तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचें। उन्होंने वेडिंग प्लानर्स और आम नागरिकों से अपील की कि वे विदेशों के बजाय भारत और खासकर यूपी के किलों, हेरिटेज साइट्स और ईको टूरिज्म केंद्रों पर ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ आयोजित करें। इसके लिए ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसमें यूपी के खानपान और संस्कृति को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।

सोना कम खरीदें, बिजली और तेल की बचत करें

आर्थिक मोर्चे पर सावधानी बरतने की सलाह देते हुए सीएम ने कहा कि अनावश्यक सोने की खरीद से बचना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य और बचत के नजरिए से लोगों से खाने के तेल (Edible Oil) का प्रयोग कम करने और स्वदेशी उत्पादों (ODOP) को अपनाने की अपील की। रात 10 बजे के बाद व्यावसायिक परिसरों में सजावटी लाइटों का न्यूनतम प्रयोग करने और ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सोलर पैनल लगाने पर भी जोर दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment