प्रतीक यादव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, फेफड़ों के संक्रमण और कार्डियक अरेस्ट ने ली जान !

लखनऊ: पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन ने पूरे प्रदेश को शोक संतप्त कर दिया है। बुधवार को लखनऊ के केजीएमयू (KGMU) में डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत के कारणों को लेकर महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी सामने आई है।

ब्लड क्लॉट बना मौत की वजह

सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह संकेत मिला है कि प्रतीक यादव के शरीर के निचले हिस्से में मौजूद एक ‘खून का थक्का’ (Blood Clot) प्रवाहित होकर ऊपरी हिस्से की ओर चला गया था। इस थक्के ने फेफड़ों की धमनी (Artery) में अवरोध पैदा किया, जिससे फेफड़ों में गंभीर संक्रमण फैल गया। इसी वजह से उन्हें ‘कार्डियक अरेस्ट’ आया, जो अंततः उनकी मृत्यु का कारण बना।

पुरानी बीमारी से जूझ रहे थे प्रतीक

जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव पिछले काफी समय से फेफड़ों से संबंधित गंभीर बीमारी का सामना कर रहे थे। उनके फेफड़ों में खून के थक्के जमने की समस्या पहले भी सामने आई थी, जिसके लिए उनका नियमित उपचार चल रहा था। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि उनके शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट या संदिग्ध निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मृत्यु के कारणों की और अधिक सटीक पुष्टि के लिए ‘विसरा’ (Viscera) को सुरक्षित रखा गया है, जिसकी फोरेंसिक जांच की जाएगी।

सियासी जगत में शोक की लहर

बुधवार सुबह जब उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। प्रतीक के निधन की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित परिवार के तमाम सदस्य और विभिन्न दलों के नेता शोक संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे। दिल्ली में मौजूद अपर्णा यादव भी सूचना मिलते ही तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment