लखनऊ ब्यूरो। राजधानी लखनऊ में गर्मी के तेवरों के साथ-साथ अपराध का ग्राफ भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है। खासकर शहर का दक्षिण जोन इन दिनों अपराधियों का नया चारागाह बनता नजर आ रहा है, जहां से आए दिन हत्या, लूट और चोरी की खौफनाक वारदातें सामने आ रही हैं। हालत यह है कि जब से डीसीपी अमित कुमार आनंद ने इस जोन का चार्ज संभाला है, तब से बेखौफ बदमाश एक के बाद एक ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार का दिन भी खून से लाल हो गया। पीजीआई थाने के रक्षा खंड से बीते शनिवार की सुबह लापता हुई एक 22 वर्षीय युवती का शव सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के उतरेठिया रेलवे लाइन के पास जंगल में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
लापता युवती का मिला शव, चेहरे पर ईंट से वार
मूल रूप से ई-158 रक्षा खण्ड एल्डिको उद्यान-2 (पीजीआई) में किराए के मकान में रहने वाले दीपू सिंह शटरिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी पत्नी घरों में झाड़ू-पोछा करती हैं। उनकी दो बेटियां शिवानी और सुहानी हैं। बड़ी बेटी शिवानी सिंह (22) एक रियल एस्टेट ऑफिस में काम करती थी। बीते 17 तारीख की सुबह शिवानी हमेशा की तरह अपने काम पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परेशान परिवार ने पीजीआई थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस अभी उसकी तलाश कर ही रही थी कि सोमवार (18 तारीख) की शाम सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में उतरेठिया रेलवे लाइन के पास घने जंगल में उसकी लाश बरामद हुई।
दुष्कर्म की आशंका, डंप डेटा खंगाल रही पुलिस
हत्याकांड का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। बेरहम कातिल ने शिवानी के चेहरे और सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई वार किए थे, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था और पूरा घटनास्थल खून से लाल था। शिवानी की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को भी अंजाम दिया गया होगा। घटना की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्याकांड के सनसनीखेज खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। सर्विलांस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है, साथ ही घटनास्थल के आस-पड़ोस का मोबाइल डंप डेटा भी खंगाला जा रहा है।
14 को हुई थी सगाई, 3 महीने से छुपाया बड़ा राज
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरी मिस्ट्री में कई चौंकाने वाले मोड़ सामने आए हैं। शिवानी जिस रियल एस्टेट ऑफिस में नौकरी की बात कहकर पिछले तीन महीनों से घर से निकलती थी, असल में वह वहां जा ही नहीं रही थी। वह रोजाना सुबह सज-धजकर घर से कहां जाती थी, यह एक बड़ा रहस्य बना हुआ है। वहीं, परिजनों ने अभी बीते 14 तारीख को ही पड़ोस में रहने वाले प्रकाश नाम के युवक के साथ शिवानी की सगाई की थी। सगाई के महज तीन दिन बाद यानी 17 तारीख को उसका अचानक लापता हो जाना और फिर बेरहमी से कत्ल हो जाना, कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
मंगेतर और करीबियों से पूछताछ, प्रेम-प्रसंग और रंजिश पर शक
डीसीपी दक्षिण के निर्देशन में पुलिस की टीमें अब इस मामले की हर एंगल से बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। पुलिस प्रेम-प्रसंग, पुरानी रंजिश और ऑनर किलिंग समेत तमाम पहलुओं को जोड़कर तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है। शक के दायरे में आए मृतका के मंगेतर प्रकाश और उसके परिवार के कुछ सदस्यों से भी पुलिस बंद कमरे में कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) और आखिरी लोकेशन से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और बहुत जल्द इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर कातिल को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।










