क्राइम डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हाई-प्रोफाइल इलाके सुशांत गोल्फ सिटी में हुई 22 वर्षीय शिवानी की खौफनाक हत्या की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल के आरोप में शिवानी के पुराने प्रेमी 23 वर्षीय प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने जो कबूलनामा किया है, उसने हर किसी को सन्न कर दिया है। 7 साल पुराने प्यार में उपजी सनक, ईर्ष्या और बदले की आग ने एक हंसती-खेलती लड़की की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े कई अहम सबूत भी जुटा लिए हैं।
मनीष के साथ देखी फोटो तो सनका प्रेमी, आखिरी बार मिलने के बहाने ले गया जंगल
लखनऊ पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी प्रेम कुमार मांझी ने बताया कि उसका और शिवानी का पिछले 7 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम एक डिलीवरी बॉय का काम करता है, जबकि शिवानी वृंदावन गेट स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी में चैनल पार्टनर के तौर पर नौकरी करती थी। आरोपी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से शिवानी की नजदीकियां उसके ऑफिस में काम करने वाले मनीष नाम के लड़के से काफी बढ़ गई थीं।
एक दिन प्रेम ने शिवानी के मोबाइल में मनीष के साथ उसकी कुछ तस्वीरें देख लीं, जिसके बाद से वह बुरी तरह भड़क गया था। वह लगातार शिवानी पर मनीष से दूरी बनाने का दबाव डाल रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि शिवानी ने प्रेम कुमार का नंबर ब्लॉक कर दिया और उससे पूरी तरह पल्ला झाड़ने के लिए अपना फोन तक बंद कर दिया। शिवानी की इस बेरुखी से बौखलाया प्रेम सीधा उसके ऑफिस जा पहुंचा और उसकी सहेली से शिवानी का नया नंबर हासिल किया। इसके बाद उसने शिवानी को फोन कर ‘एक आखिरी मुलाकात’ के बहाने बुलाया और मौत के जाल में फंसा लिया।
रबड़ की पाइप से घोंटा गला, पहचान छुपाने के लिए सीमेंट की ईंट से चेहरा किया डैमेज
17 मई रविवार की सुबह करीब 9:30 बजे आरोपी प्रेम कुमार शिवानी को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर रेलवे लाइन के पास स्थित सुनसान जंगलों में ले गया। वहां दोनों के बीच मनीष को लेकर एक बार फिर तीखी बहस हुई। बहस के दौरान ही गुस्से से पागल हुए प्रेम ने मोटरसाइकिल में रखी रबर की मजबूत पाइप निकाली और शिवानी का गला दबा दिया। शिवानी तड़पती रही और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी; शिवानी की मौत के बाद उसने पास ही पड़ी सीमेंट की एक भारी ईंट उठाई और उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए। चेहरा बिगाड़ने के पीछे आरोपी का मकसद यह था कि पुलिस या राहगीर शव की शिनाख्त न कर सकें। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शिवानी का मोबाइल फोन सबूत मिटाने के उद्देश्य से तेलीबाग स्थित नहर में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया।
4 मई को हुई थी सगाई, हाथों की मेहंदी और कपड़ों से मां ने मोर्चरी में पहचाना शव
शिवानी अपने माता-पिता (गीता और दीपू) के साथ एलडीको के उद्यान रक्षा खंड में किराए के मकान में रहती थी। घर की माली हालत खराब होने की वजह से वह नौकरी कर परिवार का सहारा बन रही थी। इसी बीच परिवार ने शिवानी की शादी प्रकाश नाम के लड़के से तय कर दी थी और बीते 4 मई को दोनों की धूमधाम से सगाई भी हुई थी। पूरा घर शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था, जिसके चलते शिवानी के हाथों में शादी के शगुन की मेहंदी लगी हुई थी।
रविवार सुबह जब शिवानी ऑफिस के लिए निकली और रात तक वापस नहीं लौटी, तो परेशान परिजन सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी थाने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। इसी दौरान पुलिस को जंगल से एक अज्ञात युवती का डैमेज शव बरामद हुआ था। पुलिस ने जब परिजनों को हुलिए के आधार पर मोर्चरी (शवगृह) भेजा, तो चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण पिता उसे पहचान नहीं पाए। लेकिन तभी बिलख रही मां की नजर शव के हाथों पर रची उसी मेहंदी और उसके कपड़ों पर पड़ी, जिसे देखकर मां चीख उठी। मां ने तस्दीक की कि यह उसकी लाडली शिवानी ही है। पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













