वाराणसी: धर्मनगरी काशी के सारनाथ इलाके से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने कानून-व्यवस्था और हॉस्टल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट के बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर नर्सिंग की एक छात्रा तड़पती हुई बेहद खौफनाक हालत में मिली। छात्रा के प्राइवेट पार्ट से भारी मात्रा में खून बह रहा था और उसके कपड़े पूरी तरह खून से लथपथ थे। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना वाली जगह से पुलिस को छात्रा का बैग और कुछ दवाएं बरामद हुई हैं, जिसने इस पूरी मौत मिस्ट्री को और उलझा दिया है।
सिपाही की बेटी के साथ बॉयज हॉस्टल में क्या हुआ?
मृतक छात्रा मूल रूप से बलिया की रहने वाली थी और उसके पिता चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। छात्रा शिव सर्जिकल नर्सिंग होम नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम (JNM) द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। शुरुआती पुलिस तफ्तीश में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। पुलिस को मृतका के बैग से अबॉर्शन (गर्भपात) की दवाएं मिली हैं। आशंका जताई जा रही है कि हैवी डोज में दवा खाने के बाद अत्यधिक ब्लीडिंग (रक्तस्राव) होने की वजह से उसकी जान गई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा के साथ पढ़ने वाले जौनपुर के एक युवक (उसके दोस्त) को हिरासत में ले लिया है।
कॉलेज बंद था फिर भी मां से दो लोगों का टिफिन बनवाकर निकली थी छात्रा
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, इन दिनों नर्सिंग कॉलेज बंद चल रहा है। इसके बावजूद बुधवार को छात्रा ने अपनी मां से यह कहकर दो लोगों का खाना बनवाया कि उसे किसी काम से कॉलेज जाना है। वह घर से टिफिन लेकर निकली, लेकिन कॉलेज जाने के बजाय सारनाथ स्थित उस पांच मंजिला अपार्टमेंट में पहुंच गई, जहां बॉयज हॉस्टल संचालित होता है। हॉस्टल के गार्ड ने बताया कि छात्रा अपने साथ पढ़ने वाले दोस्त से मिलने आई थी और करीब दो घंटे तक हॉस्टल के एक कमरे के अंदर मौजूद थी। हैरानी की बात यह है कि वापसी के वक्त टिफिन पूरी तरह भरा हुआ था, यानी दोनों ने खाना नहीं खाया था।
अचानक कटी बिजली, इलेक्ट्रीशियन ने सीढ़ियों पर देखा खौफनाक मंजर
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से अपार्टमेंट की बत्ती गुल हो गई। इसके बाद एक इलेक्ट्रीशियन फॉल्ट सुधारने के लिए ऊपर गया। जब वह काम खत्म करके सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, तो उसने छात्रा को लहूलुहान और बेसुध हालत में सीढ़ियों पर तड़पते देखा। उसके प्राइवेट पार्ट से लगातार खून बह रहा था। शोर मचने पर उसे तुरंत पास के ही शिव सर्जिकल नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही मृतका की मां रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचीं और बेटी के शव से लिपटकर बेसुध हो गईं।
दो डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम, कॉल डिटेल और सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है और इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है। पुलिस अब मृतका के गायब मोबाइल फोन की तलाश कर रही है। साथ ही उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और हॉस्टल व आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सिपाही की बेटी की इस संदिग्ध और खौफनाक मौत ने वाराणसी में कई सुलगते सवाल छोड़ दिए हैं, जिनके जवाब पुलिसिया जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।










