एवियन (फ्रांस): फ्रांस के खूबसूरत शहर एवियन में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन वैश्विक राजनीति की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक तस्वीर सामने आई है। दो दिवसीय समिट के इतर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। इस बैठक के बाद साझा प्रेस वार्ता में राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी और भारत को लेकर एक ऐसा दिल जीतने वाला बयान दिया, जिसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है। ट्रंप ने दोस्ती की नई मिसाल पेश करते हुए साफ कहा कि जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में मोदी का हमेशा एक अच्छा दोस्त मौजूद रहेगा।
मोदी लीडर होंगे तो हम करेंगे भारत की मदद: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की सुरक्षा और पीएम मोदी के नेतृत्व पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक वादा करते हुए कहा कि अगर भारत या मोदी पर कोई हमला होता है और उस समय मोदी भारत के लीडर होंगे, तो अमेरिका पूरी ताकत के साथ उनकी मदद के लिए आगे आएगा। ट्रंप ने पीएम मोदी के कूटनीतिक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि जब तक मोदी लीडर हैं, भारत हर क्षेत्र (फील्ड) में एक बहुत बड़ा और निर्णायक रोल निभाएगा।
‘मोदी शांत और जबरदस्त नेता हैं, लेकिन मैं उनकी तरह नहीं’
राष्ट्रपति ट्रंप यहीं नहीं रुके, उन्होंने पीएम मोदी के व्यक्तित्व की तारीफ में कसीदे पढ़े। ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, “मोदी बेहद शांत, सुलझे हुए और जबरदस्त नेता हैं, लेकिन मैं मोदी की तरह शांत नहीं हूं।” ट्रंप के इस चुटीले अंदाज और खुलकर की गई तारीफ ने दोनों देशों के बीच के मजबूत व्यक्तिगत और रणनीतिक रिश्तों को दुनिया के सामने एक बार फिर साबित कर दिया है।
समुद्र में भारतीयों की सुरक्षा जरूरी, ईरान डील पर बोले पीएम मोदी
अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बेहद संवेदनशील और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। द्विपक्षीय बैठक में पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा का मुद्दा रखा। उन्होंने कहा कि समुद्र में भारतीयों की सुरक्षा हर हाल में जरूरी है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली आगामी कूटनीतिक डील में भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा को पूरी तरह से पक्का (सुनिश्चित) किया जाएगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला रहना बेहद जरूरी: प्रधानमंत्री
पश्चिम एशिया के हालातों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि वैश्विक व्यापार और सुरक्षा के लिहाज से ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (होर्मुज जलडमरूमध्य) का खुला रहना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रयासों की जमकर सराहना की। पीएम ने कहा, “मैं वेस्ट एशिया में शांति की कोशिशों के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की लीडरशिप की तारीफ करता हूं। ट्रंप के नेतृत्व में आज दुनिया को शांति की एक नई और बड़ी उम्मीद दिखाई दे रही है।”
पीएम मोदी ने दोनों दिन भारतीय की मौत का मुद्दा उठाया
पीएम मोदी ने G7 समिट में दोनों दिन होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने समिट के पहले दिन मंगलवार को आउटरीच सेशन में कहा था कि इस अहम समुद्री मार्ग में कई भारतीयों ने जान गंवाई है और वैश्विक व्यापार को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की जिम्मेदारी है।
मोदी बोले- वेस्ट एशिया संकट का असर लंबे समय तक रहेगा
मोदी ने बुधवार को समिट में कहा कि वेस्ट एशिया में संकट की वजह से फ्यूल, फर्टिलाइजर और फूड सप्लाई चेन में आई रुकावटों का असर ग्लोबल साउथ (दक्षिणी देशों) पर काफी समय तक रहेगा।
मोदी ने कहा- अंतरराष्ट्रीय एकजुटता मजबूत करने के लिए कमजोर देशों को संकटों का बोझ अकेले नहीं उठाना चाहिए। कई देशों की आबादी बूढ़ी हो रही है, जबकि भारत और ग्लोबल साउथ के देशों में युवा प्रतिभा और कौशल की कमी नहीं है।
ट्रम्प G7 लीडर्स से बोले- आई एम द बॉस
वर्किंग सेशन में बुधवार को जब ट्रम्प देरी से पहुंचे तो सभी उनकी तरफ देख रहे थे। ट्रम्प कुछ देर चले और रुककर मजाक में कहा- आई एम द बॉस। इसके बाद सभी हंसने लगे। समिट में 14 देशों के नेताओं ने भाग लिया। आज समिट का दूसरा दिन है।

US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा- हम ट्रेड डील कर रहे हैं। अमेरिका और भारत के बीच बहुत सी चीजें हो रही हैं। अमेरिका अब तक का सबसे अच्छा काम कर रहा है। हमारे पास $19.2 ट्रिलियन से ज्यादा आ रहे हैं। हम सब कुछ बना रहे हैं।
प्रधानमंत्री अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं और बहुत पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं। लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त हैं और हमारे बीच हमेशा से बहुत अच्छे रिश्ते रहे हैं, और आपके साथ होना बहुत अच्छा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वर्किंग लंच स्टेटमेंट में पीएम मोदी की तारीफ की। ट्रम्प ने कहा कि मोदी शांत, कूल और जबरदस्त इंसान हैं, लेकिन वह मोदी की तरह नहीं हैं।

ट्रम्प ने 2015 के ईरान परमाणु समझौते (JCPOA) की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन ने समझौते के तहत ईरान को अरबों डॉलर दिए, जिसमें 1.7 अरब डॉलर कैश भी शामिल थे।
ट्रम्प ने कहा कि यह समझौता अमेरिका के लिए अच्छा नहीं था और ओबामा प्रशासन ने ईरान को बड़ी आर्थिक राहत देकर उसे फायदा पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि कैश विमान के जरिए ईरान भेजा गया था और इसे लेकर उन्होंने समझौते की आलोचना की।















