Jaunpur : सड़क दुर्घटना में मुंगराबादशाहपुर के सगे भाई-बहन की मौत



Mungarabadshahpur, Jaunpur : प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज कस्बे में लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग स्थित रानीगंज चौराहे पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मुंगराबादशाहपुर के सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे मुंगराबादशाहपुर की ओर जा रही वैगनआर कार प्लाई से लदे पिकअप वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार चला रहे युवक को बाहर निकाला और गंभीर हालत में इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा।

हादसे में कार सवार सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रिया उर्फ रोली और उनके भाई आकाश उर्फ मोनू के रूप में हुई है। दोनों जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर निवासी मनीष सोनी के रिश्तेदार थे, जो गोंडा जनपद के मनकापुर के मूल निवासी थे। माता-पिता की मौत के बाद दोनों अपनी बड़ी बहन दीपा और बहनोई मनीष सोनी, निवासी नईगंज, मुंगराबादशाहपुर, के साथ रह रहे थे। चालक मोहित, निवासी कटरा, अपनी वैगनआर कार से दोनों को लेकर मुंगराबादशाहपुर स्थित घर लौट रहा था। तभी रानीगंज चौराहे पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मुंगराबादशाहपुर में परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment