
Machhalishahr, Jaunpur :तहसील क्षेत्र के बरावां गांव में सार्वजनिक भूमि पर 40 साल पहले बने पक्के मकान को प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा पारित बेदखली आदेश के अनुपालन में की गई।
तहसील क्षेत्र के बरावां (डभिया) गांव की गाटा संख्या 558 और 559 क्रमशः चकमार्ग और नवीन परती खाते की जमीन है, जिस पर सुनील, सुशील और सुधीर, पुत्रगण सरजू प्रसाद, ने अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया था। तहसीलदार न्यायालय से उनके खिलाफ बेदखली का आदेश पारित हो चुका था। लेकिन कब्जाधारियों ने स्वयं कब्जा नहीं हटाया, तो तहसीलदार हुसैन अहमद के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मियों और पुलिसकर्मियों ने जेसीबी की सहायता से उक्त मकान को ध्वस्त करा दिया।

उक्त कार्रवाई को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
इस संबंध में तहसीलदार हुसैन अहमद ने बताया कि विपक्षी द्वारा चकमार्ग और नवीन परती खाते की भूमि पर अवैध कब्जा साबित हो चुका था। विपक्षी को कानून के अनुसार स्वयं अवैध कब्जा हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। लेकिन जब उसने स्वयं कब्जा नहीं हटाया, तो प्रशासन ने बलपूर्वक सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटवा दिया।
इस मौके पर नायब तहसीलदार राजकुमार सोनकर, राजस्व निरीक्षक जयप्रकाश, हल्का लेखपाल दुर्जन राम सहित पुलिस बल भी मौजूद था।








