पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा निवेश: न्यूटाउन में 2,000 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाएगा अडाणी समूह; 1,000 बेड पर गरीबों का मुफ्त इलाज

 

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े निवेश की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अडाणी समूह न्यूटाउन में 2,000 बेड का अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करेगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल के 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए पूरी तरह मुफ्त या विशेष रियायती सुविधा के तहत उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि शेष 1,000 बेड व्यावसायिक आधार पर संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का भूमि पूजन जल्द ही किया जाएगा।

स्वास्थ्य भवन में गुरुवार को परियोजना की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देगा और गरीबों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उनका कहना था कि अस्पताल के संचालन की आर्थिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधे बेड व्यावसायिक रूप से चलाए जाएंगे, जबकि बाकी आधे बेड जरूरतमंद लोगों के इलाज के लिए सुरक्षित रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस निवेश का संकेत पिछले सप्ताह ही मिला था, जब उन्होंने भवानीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि अडाणी समूह ने पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े निवेश की इच्छा जताई है और इसके लिए लिखित आश्वासन भी दिया है। अब परियोजना का स्वरूप स्पष्ट हो गया है।

उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से पश्चिम बंगाल में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने इच्छुक निवेशकों से उद्योग मंत्री के माध्यम से सरकार से संपर्क करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि औद्योगिक और आधारभूत ढांचे का विकास ही रोजगार सृजन और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

पश्चिम बंगाल में बड़े औद्योगिक निवेश को लेकर लंबे समय से राजनीतिक बहस होती रही है। सिंगूर परियोजना बंद होने के बाद विपक्ष लगातार आरोप लगाता रहा है कि बड़े उद्योग समूहों ने राज्य में निवेश से दूरी बना ली। हालांकि, पूर्ववर्ती सरकार ने कई बार विश्व बंगाल व्यापार सम्मेलन के माध्यम से बड़े निवेश के दावे किए थे, लेकिन उन घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर सवाल भी उठते रहे।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सरकार बनने के बाद से औद्योगीकरण को प्राथमिकता देने की बात दोहराई है। हाल ही में गहरे समुद्री बंदरगाह परियोजना की घोषणा भी की गई थी, जिसे लेकर अडाणी समूह के साथ बातचीत होने की जानकारी सामने आई थी। अब स्वास्थ्य क्षेत्र में इस बड़े निवेश की घोषणा को राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment