
भास्कर ब्यूरो
Gajraula/Pilibhit : पीलीभीत-पूरनपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक चलते ट्रक में अचानक आग लग जाने से उसके केबिन में मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने के बाद ट्रक के केबिन की तलाशी ली। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, गजरौला थाना क्षेत्र में बड़ी नहर और धन्ना गुरुद्वारे के बीच झारखंड नंबर JH02K9750 के ट्रक में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों की सूचना पर थाना गजरौला पुलिस, पूरनपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद जब पुलिस ने ट्रक के केबिन की जांच की तो अंदर से एक व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव और क्षेत्राधिकारी पूरनपुर विधि भूषण मौर्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है और मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों सहित अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के संबंध में विधिक कार्रवाई जारी है।









