
सिवनी : मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बंद घर के भीतर से शिक्षक दंपति के पूरी तरह से जल चुके शव बरामद हुए हैं। आग की विभीषिका इतनी भयानक थी कि शव केवल राख और हड्डियों के ढांचे में तब्दील हो चुके हैं, जिससे उनकी सामान्य रूप से शिनाख्त करना भी असंभव हो गया है। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरा इलाका स्तब्ध है और घटना के कारणों को लेकर रहस्य गहरा गया है।
मृतकों की पहचान शिक्षिका मालती धुर्वे (पदस्थ: ग्राम कुम्हड़ा, केवलारी) और शिक्षक समन सिंह धुर्वे (पदस्थ: दामीझोला, मोहबर्रा) के रूप में की जा रही है। परिजनों और परिचितों का पिछले दो दिनों से इस दंपति से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था और लगातार फोन करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो शुक्रवार शाम को कुछ लोग उनके घर पहुंचे।
घर का दरवाजा बंद था और जब भीतर जाकर देखा गया तो अंदर का नजारा बेहद विचलित करने वाला था। कमरे में पलंग पर दोनों के शव कंकाल के रूप में पड़े थे और कमरे में रखा पलंग, कूलर व अन्य सामान भी पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक यह घटना दो दिन पहले रात के वक्त हुई है, लेकिन बंद कमरे के भीतर इतनी भीषण आग कैसे लगी और बाहर किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिवनी के पुलिस अधीक्षक, केवलारी के पुलिस उपअधीक्षक सहित फिंगरप्रिंट और फोरेंसिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वैज्ञानिक रूप से पहचान स्थापित करने के लिए दंपति के बाहर रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा, जिसके मिलान के बाद ही आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और इस बात की गहराई से तफ्तीश की जा रही है कि यह कोई दर्दनाक हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित हत्या की साजिश है।











