New Delhi : हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही 1,794 शराब की बोतलें जब्त, तस्कर गिरफ्तार

 

New Delhi : दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,794 बोतल अवैध और प्रीमियम अंग्रेजी शराब तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ऑल्टो कार बरामद की है। मामले में फतेहपुर बेरी थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धाराओं 33/52 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की सुबह स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम निवासी सतीश हरियाणा से बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर डेरा मंडी मार्ग से दिल्ली आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर संदिग्ध कार को रोका और चालक सतीश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कार से 33 कार्टन में रखी 1,650 क्वार्टर अवैध शराब और तीन कार्टन में 144 बोतल प्रीमियम अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा से शराब लाकर दिल्ली में अवैध रूप से सप्लाई करता था, जिससे उसे अधिक मुनाफा मिलता था। पुलिस अब शराब की खरीद के स्रोत, सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय आरोपी सतीश के खिलाफ पहले भी दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम ने एसीपी ऑपरेशंस ऋतुराज की निगरानी में अंजाम दिया।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment