
अमृतसर।अमृतसर के गांव शहूरा में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गुरअवतार सिंह के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस वारदात के बाद से पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल है, वहीं इकलौते बेटे को खोने के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
मृतक के पिता लाहौरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे की गांव के ही गुरजंट सिंह, हनी और उनके अन्य साथियों के साथ काफी समय से रंजिश चल रही थी।
आरोप है कि देर रात आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर पहुंचे और गुरअवतार सिंह को आवाज देकर घर से बाहर बुलाया। जैसे ही गुरअवतार बाहर आया, आरोपियों ने उसके साथ बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि गुरजंट सिंह और हनी ने पिस्तौल निकालकर गुरअवतार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
फायरिंग की आवाज सुनकर दौड़े परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।











