
- स्थानीय लोगों में आक्रोश, लापरवाही पर कठोर कार्रवाई और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटाने की मांग
Rampur : थाना रामपुर क्षेत्र के ग्राम सभा मई के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग NH-135A पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे पहले से खड़े भारी ट्रकों को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लंबे समय से भारी ट्रकों का खड़ा रहना आम बात हो गई है। यदि सड़क के किनारे ट्रक खड़ी न होती, तो संभवतः यह दर्दनाक हादसा टल सकता था और एक परिवार का चिराग असमय न बुझता।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी तथा सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने मांग की है कि इस दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि जांच में यह स्पष्ट हो कि सड़क पर खड़ी ट्रक दुर्घटना का कारण बनी, तो संबंधित वाहन मालिक एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधि के अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संयुक्त अभियान चलाकर NH-135A के किनारे खड़े भारी वाहनों को तत्काल हटाने तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई होती, तो अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ठोस और स्थायी कदम उठाने की अपील की है।









