
हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सराफ (सुनार) की दुकान पर आभूषण खरीदने गई युवती को पानी की जगह तेजाब या कोई बेहद खतरनाक केमिकल दे दिया गया। बंद और बिल्कुल ठंडी बोतल से जैसे ही युवती ने पानी समझकर दो घूंट पिए, उसकी हालत तुरंत बिगड़ने लगी। युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ गए हैं।
प्यास लगने पर सराफ ने मंगवाई थी सीलबंद ठंडी बोतल
यह सनसनीखेज मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुन नगर का है। जानकारी के मुताबिक, अर्जुन नगर की रहने वाली रिया पुत्री राकेश शुक्रवार शाम को अपनी मां अंजना राघव के साथ मोहल्ले में ही स्थित एक सराफ की दुकान पर जेवर खरीदने गई थी। दुकान में खरीदारी के दौरान रिया को तेज प्यास लगी, तो उसने दुकानदार से पानी मांगा। सराफ ने तुरंत पड़ोस में रहने वाले एक किशोर को पास के ही जनरल स्टोर से पानी की बोतल लाने के लिए भेजा। किशोर कुछ ही देर में एक नामी कंपनी की बिल्कुल ठंडी और सीलबंद पानी की बोतल लेकर आ गया।
मां ने कहा- ‘ज्यादा ठंडी थी, इसलिए मैंने बेटी को दे दी’
रिया की मां अंजना ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मामला जितना सीधा दिख रहा है, उतना है नहीं। जब किशोर बोतल लेकर आया, तो वह पूरी तरह सीलबंद थी। सराफ अनुज ने बोतल की सील खोली और पहले पानी पीने के लिए उन्हें (मां को) दिया। लेकिन पानी जरूरत से ज्यादा ठंडा था, इसलिए उन्होंने वह बोतल अपनी बेटी रिया को थमा दी। रिया ने बिना कुछ सोचे पानी समझकर जैसे ही उसके दो घूंट अंदर लिए, वह दर्द से छटपटाने लगी।
फर्श पर पानी फेंकते ही उड़ गई तेजाब की गंध
दुकान से बाहर निकलते ही रिया को तेज उल्टियां होने लगीं और उसकी त्वचा व अंदरूनी हिस्से झुलसने लगे। आनन-फानन में उसे गढ़ रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत मेरठ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद जब शक होने पर उस बोतल के बचे हुए लिक्विड को फर्श पर फेंककर देखा गया, तो सब सन्न रह गए। फर्श पर गिरते ही उसमें से तेजाब की तरह झाग और तीखी गंध उठने लगी, जिससे साफ हो गया कि बोतल में पानी नहीं बल्कि जानलेवा एसिड था।
CCTV फुटेज आई सामने, पुलिस अधीक्षक ने दिए जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। क्षेत्राधिकारी (CO) अनीता चौहान ने बताया कि दुकान में लगा सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें युवती बोतल से वह संदिग्ध केमिकल पीती हुई साफ नजर आ रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सराफ अनुज, जनरल स्टोर के दुकानदार और बोतल लाने वाले किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हापुड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि एक नामी ब्रांड की सीलबंद बोतल में तेजाब कैसे पहुंचा, इसकी फॉरेंसिक और गहनता से जांच कराई जा रही है। जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।








